डॉ. रवि महेद्रा को “राष्ट्रीय अंबेडकर सम्मान 2025” से किया गया सम्मानित

मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स )
दौसा। अखिल भारतीय खटीक समाज एवं जिला खटीक समाज दोसा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन का भव्य आयोजन 31 जनवरी 2026 को राजस्थान के दौसा जिले में संपन्न हुआ। अधिवेशन का उद्देश्य सामाजिक न्याय, समानता और संवैधानिक मूल्यों पर राष्ट्रीय स्तर पर सार्थक विमर्श को आगे बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के शिक्षा मंत्री श्री मदन दिलावर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि विधायक श्री रमेश कुमार विशिष्ट अतिथि रहे। अधिवेशन की अध्यक्षता प्रोफेसर नरेन्द्र बसवाल ने की।
इस अवसर पर मुख्य सचिव श्री चरण सिंह खेरवाल, प्रोफेसर एम. एल. खत्री, प्रोफेसर सुन्दर कुमार, आईएएस श्री अनूप कुमार, आईएएस श्री पीयूष कुमार सहित देशभर से आए शिक्षाविदों, बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अधिवेशन के दौरान वर्ष 2025 का “राष्ट्रीय अंबेडकर सम्मान” डॉ. रवि महेद्रा को प्रदान किया गया। डॉ. रवि महेद्रा वर्तमान में दिल्ली विश्वविद्यालय के शिवाजी कॉलेज में सहायक प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान, सामाजिक चेतना के प्रसार तथा समतामूलक समाज के निर्माण हेतु किए जा रहे निरंतर प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के उपरांत डॉ. रवि महेद्रा ने संस्था का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम से जुड़ा यह सम्मान उनके लिए अत्यंत गौरव और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें सामाजिक और शैक्षणिक क्षेत्र में और अधिक निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *