मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स )
मथुरा । नोहझील संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में पूरे देश में चल रहे आंदोलन के तहत नौहझील ब्लॉक में किसान यूनियन द्वारा जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन तहसील अध्यक्ष चौधरी योगेंद्र सिंह के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें दर्जनों किसान एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को किसानों के हितों के खिलाफ बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया। इस अवसर पर किसानों ने “मेरा खेत, मेरा अधिकार” की एक प्रति जलाकर अपना विरोध प्रकट किया तथा ट्रेड डील को तत्काल वापस लेने की मांग की।
प्रदर्शन में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि यह ट्रेड डील लागू होने पर देश के किसानों को भारी नुकसान होगा। यदि सरकार ने इसे वापस नहीं लिया, तो किसान यूनियन देशव्यापी आंदोलन छेड़ने को मजबूर होगी।
इस विरोध प्रदर्शन में प्रमुख रूप से ब्लॉक अध्यक्ष चौधरी प्रेम सिंह, जिला सचिव कैप्टन छित्तरिया सिंह, तहसील उपाध्यक्ष चौधरी कुशल पाल सिंह, ब्लॉक उपाध्यक्ष चौधरी महेंद्र सिंह, युवा ब्लॉक अध्यक्ष हरवान चौधरी, युवा ब्लॉक उपाध्यक्ष तनु चौधरी, तहसील प्रचार मंत्री चौधरी इंद्रपाल सिंह, वरिष्ठ कार्यकर्ता चौधरी गोबर धन सिंह तथा प्रदेश सचिव चौधरी देवेंद्र सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक भारत-अमेरिका ट्रेड डील को वापस नहीं लिया जाएगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा और इसे और तेज किया जाएगा।

