मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स )
नई दिल्ली, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री देवेन्द्र यादव ने शनिवार को पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बताया कि भाजपा और चुनाव आयोग की कथित वोट चोरी की साजिश के खिलाफ कांग्रेस द्वारा चलाए गए देशव्यापी हस्ताक्षर अभियान को दिल्ली की जनता का जबरदस्त समर्थन मिला है। दिल्ली कांग्रेस ने इस अभियान के तहत 4,37,000 से अधिक हस्ताक्षर एकत्रित कर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) को भेजे हैं।
देवेन्द्र यादव ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में पूरे देश में चल रहे इस अभियान में अब तक 5 करोड़ से अधिक नागरिकों ने हस्ताक्षर कर भाजपा की वोट चोरी के खिलाफ अपनी सहमति दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि दिल्ली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सभी 258 ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के माध्यम से घर-घर जाकर आम जनता, दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी वालों, महिलाओं और युवाओं तक पहुंच बनाई।
देवेन्द्र यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि “हरियाणा में भाजपा ने चुनाव आयोग की मदद से 25 लाख वोटों की चोरी की, और एक विदेशी मॉडल की तस्वीर का उपयोग कर फर्जी वोट डाले गए। यह लोकतंत्र की सबसे बड़ी धोखाधड़ी है।” उन्होंने कहा कि नजफगढ़ में हस्ताक्षर अभियान के दौरान भाजपा सरकार ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर रोकने की कोशिश की, लेकिन कांग्रेस ने जनता के समर्थन से यह अभियान जारी रखा।
संवाददाता सम्मेलन में एआईसीसी के दिल्ली प्रभारी काजी निजामुद्दीन, पूर्व मंत्री डॉ. नरेंद्र नाथ, एआईसीसी एससी विभाग के पूर्व चेयरमैन राजेश लिलोठिया और प्रदेश कम्युनिकेशन विभाग के चेयरमैन व पूर्व विधायक अनिल भारद्वाज भी मौजूद रहे।
काजी निजामुद्दीन ने कहा कि राहुल गांधी ने पूरे देश के सामने भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत का पर्दाफाश किया है। उन्होंने कहा कि “दिल्ली में प्रदूषण और प्रशासनिक विफलता के लिए भाजपा और आम आदमी पार्टी दोनों जिम्मेदार हैं, और अब जनता बदलाव चाहती है।”
राजेश लिलोठिया ने कहा कि “राहुल गांधी जी के अभियान से देशभर में ‘वोट चोर गद्दी छोड़ो’ का नारा गूंज रहा है।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव डालकर दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के वोट अधिकार को कुचलने की साजिश रची है।
अनिल भारद्वाज ने कहा कि “भारत के लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत मतदान प्रक्रिया की निष्पक्षता है। अगर यही संदिग्ध हो जाए तो लोकतंत्र की नींव हिल जाएगी।” उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने हरियाणा विधानसभा चुनावों में 25 लाख वोटों की हेरा-फेरी के ठोस सबूत पेश किए हैं।
डॉ. नरेंद्र नाथ ने कहा कि दिल्ली में जनता का समर्थन इस बात का प्रमाण है कि भाजपा ने लोगों का विश्वास खो दिया है। उन्होंने खुलासा किया कि हरियाणा में एक ही फोटो के साथ 223 फर्जी वोट, एक ही घर में 501 फर्जी मतदाता, और 1.24 लाख फर्जी तस्वीरों वाले वोटर पाए गए हैं।
संवाददाता सम्मेलन में सभी नेताओं ने कहा कि कांग्रेस का यह आंदोलन अब केवल वोट चोरी के खिलाफ नहीं, बल्कि लोकतंत्र बचाने की लड़ाई बन चुका है।

