रालोजपा कार्यालय में जननायक कर्पुरी ठाकुर की 102वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई

मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स )
राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) के कार्यालय में जननायक कर्पुरी ठाकुर जी की 102वीं जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता रालोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने की।
इस अवसर पर श्री पारस ने जननायक कर्पुरी ठाकुर के जीवन और संघर्ष पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कर्पुरी ठाकुर केवल बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश के महान नेता थे। उन्होंने समाज सेवा को अपना मूल मंत्र बनाया और जीवनभर गरीब, लाचार व वंचित वर्गों की सेवा की। यही कारण रहा कि वे तीन बार बिहार के मुख्यमंत्री बने और सामाजिक न्याय की मजबूत नींव रखी।
श्री पारस ने कहा कि बिहार की जनता ने उन्हें “जननायक” और “गुदड़ी का लाल” की उपाधि से नवाजा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2024 में कर्पुरी ठाकुर को मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किए जाने को बिहार के गौरव की बात बताया और ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान मीडिया द्वारा नीट छात्रा की मौत को लेकर पूछे गए सवालों पर पार्टी के मुख्य प्रवक्ता ललन कुमार चन्द्रवंशी ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह घटना बिहार के लिए बेहद शर्मनाक और पीड़ादायक है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मामले को दबाने का प्रयास कर रही है।
मुख्य प्रवक्ता ने भारत सरकार के गृह मंत्री से मांग की कि इस मामले की निष्पक्ष जांच सीबीआई से कराई जाए, पीड़ित परिवार को न्याय मिले और दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विरेश्वर सिंह, युवा नेता यशराज पासवान, उपेन्द्र यादव, घनश्याम कुमार दाहा, रंजीत पासवान, पारस नाथ गुप्ता, देवेन्द्र कुश्वाहा सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने जननायक कर्पुरी ठाकुर के तैलचित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *