अंकित गर्ग (वीर सूर्या टाइम्स)
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वजीराबाद स्थित RAF 103 बटालियन (द्रुत कार्य बल) में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन श्री चंदम बॉबी सिंह (कमांडेंट–103 बटालियन) के नेतृत्व में अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत कमांडेंट श्री चंदम बॉबी सिंह द्वारा क्वार्टर गार्ड की सलामी लेने से हुई, जिसके पश्चात राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों एवं जवानों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ दीं।
अपने संबोधन में कमांडेंट महोदय ने संविधान की गरिमा, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की रक्षा में केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (CRPF) की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने जवानों से कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के प्रति सदैव समर्पित रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में 103 वाहिनी के अधिकारी एवं जवानों के साथ-साथ डेविड स्कूल, पुष्पांजलि मॉडर्न पब्लिक स्कूल तथा आयुषा स्कूल के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएँ भी उपस्थित रहे।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर कमांडेंट महोदय द्वारा केंद्रीय पुलिस बल के उन अधिकारियों एवं जवानों के नामों की घोषणा की गई, जिन्हें विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक एवं सराहनीय सेवा पदक प्राप्त हुए हैं। इसके साथ ही 103 डी क्यू बल में वर्तमान में सेवारत 01 अधिकारी एवं 04 कार्मिकों को उनकी वीरता एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस पदक मिलने पर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति के जयघोषों और उत्साहपूर्ण माहौल के साथ संपन्न हुआ।

