राया कट पर किसान महापंचायत, अमेरिका से हुई ट्रेड डील के खिलाफ किसानों का बड़ा ऐलान


राया (मथुरा)। जनपद मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे स्थित राया कट पर किसानों ने एक विशाल किसान महापंचायत का आयोजन किया। पंचायत का आयोजन भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिला अध्यक्ष मथुरा मीरा सिंह के नेतृत्व में किया गया, जबकि संचालन ललित शर्मा ने किया।
किसान महापंचायत में मुख्य अतिथि के रूप में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त भाकियू (टिकैत) के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत मौजूद रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय महासचिव युद्धवीर सिंह, राष्ट्रीय महासचिव ठाकुर राजवीर सिंह जादौन, प्रदेश अध्यक्ष उत्तर प्रदेश पंडित राजपाल शर्मा, तथा महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्षा बबली त्यागी ने सहभागिता की।
महापंचायत को संबोधित करते हुए चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि अब समय आ गया है कि किसान फसल और नस्ल को बचाने के लिए एकजुट हों। उन्होंने कहा कि अमेरिका से हुई ट्रेड डील भारत और किसानों के लिए एक बड़ा दंश है। संसद में फैसले अमेरिका में बैठकर किए जा रहे हैं और इसका सीधा असर देश की अर्थव्यवस्था व किसान सरदारी पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यदि भारत कच्चा तेल रूस के बजाय अमेरिका व वेनेजुएला से खरीदेगा तो इससे हजारों करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा, जिससे किसान बुरी तरह प्रभावित होंगे। किसानों से इस ट्रेड डील का संगठित विरोध करने की अपील की गई।
राष्ट्रीय महासचिव युद्धवीर सिंह एवं ठाकुर राजवीर सिंह जादौन ने संयुक्त रूप से कहा कि अमेरिका से हुई ट्रेड डील किसानों के लिए अभिशाप है और इससे देश की किसानी को समाप्त करने का खतरा है। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी और भी डील हुईं तो किसान सरदारी खत्म हो जाएगी। इसके लिए गांव-गांव संगठन खड़ा कर संघर्ष तेज करना होगा।
प्रदेश अध्यक्ष पंडित राजपाल शर्मा ने कहा कि वर्तमान सरकार किसान विरोधी है। खाद, बीज और बिजली के दाम बढ़ रहे हैं, लेकिन किसानों को फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा। किसानों को खाद और बीज के लिए लाइनों में लगना पड़ रहा है और लाठियां तक खानी पड़ रही हैं।
प्रदेश प्रवक्ता उत्तर प्रदेश एवं प्रभारी मध्य प्रदेश गजेंद्र परिहार ने कहा कि यह सरकार पूंजीपतियों की सरकार है और देश के व्यापारिक व आंतरिक मामलों पर अमेरिका की निगरानी बढ़ती जा रही है।
महापंचायत में शीर्ष नेतृत्व ने ऐलान किया कि 12 फरवरी को प्रदेशभर के जिला मुख्यालयों और खेतों में अमेरिका से हुई ट्रेड डील के विरोध में प्रदर्शन किया जाएगा। किसान अपने खेतों में “हमारा खेत, हमारा अधिकार” के नारे के साथ ट्रेड डील की प्रतिलिपि जलाकर विरोध दर्ज कराएंगे।
इस दौरान राष्ट्रपति के नाम किसानों की समस्याओं से संबंधित ज्ञापन जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में उपजिलाधिकारी महावन को सौंपा गया।
महापंचायत में प्रदेश, जिला एवं तहसील स्तर के सैकड़ों पदाधिकारी और बड़ी संख्या में किसान सरदारी मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *