मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स)
उत्तर-पूर्वी दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के उत्तरी क्षेत्र, शाहदरा ज़ोन ने अवैध औद्योगिक गतिविधियों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए उत्तर-पूर्वी दिल्ली के विभिन्न इलाकों में व्यापक कार्रवाई की है। निगम की टीम ने वार्ड गौतमपुरी, कबीर नगर एवं शिव विहार क्षेत्रों में संचालित तीन अवैध जींस डाइंग यूनिट तथा एक अवैध वाटर प्लांट को सील कर दिया।
इसके अतिरिक्त गोरख पार्क, वार्ड-05 में स्थित एक फैक्ट्री की जांच के दौरान वह खाली पाई गई, जिस पर नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। निगम ने दो टूक शब्दों में कहा है कि अब नॉन-कन्फर्मिंग एरिया में किसी भी प्रकार की औद्योगिक गतिविधि को किसी भी सूरत में संचालित नहीं होने दिया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
निगम की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित औद्योगिक इकाइयों में हड़कंप मच गया है, वहीं स्थानीय नागरिकों ने निगम की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण एवं जनस्वास्थ्य के हित में आवश्यक कदम बताया है।

