मथुरा जनपद के ग्राम मानागढ़ी में एक दलित परिवार की भूमि पर दबंग व्यक्ति द्वारा जबरन कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने अपनी जमीन मुक्त कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से न्याय की गुहार लगाई है।
ग्राम मानागढ़ी निवासी सतपाल पुत्र स्व. राम सिंह (खटीक) ने बताया कि वह एक गरीब मजदूर परिवार से हैं और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। भूमिहीन होने के कारण पूर्ववर्ती सरकार द्वारा उनके परिवार को लगभग 6 बीघा भूमि आवंटित की गई थी।
सतपाल के अनुसार, गांव के दबंग व्यक्ति चौधरी ऋषिपाल जाट पुत्र दुलीपा सिंह ने उनकी लगभग 1.5 बीघा भूमि पर जबरन अवैध कब्जा कर लिया है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी व्यक्ति उन्हें लगातार धमकाता है, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करता है और कहता है खटीकों, तुम कुछ नहीं कर पाओगे, कहीं भी शिकायत कर लो।
सतपाल ने बताया कि दबंग व्यक्ति अपने बेटों की सरकारी नौकरी का रौब दिखाकर उन्हें डराने-धमकाने का कार्य करता है, जिससे उनका परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन कर रहा है।
पीड़ित ने इस मामले की शिकायत जिलाधिकारी मथुरा, उप जिलाधिकारी मांट और जनसुनवाई पोर्टल पर कई बार की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
सतपाल का कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो उनका परिवार गांव छोड़ने या आत्मदाह जैसे कठोर कदम उठाने को मजबूर होगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया है कि तत्काल हस्तक्षेप कर भूमि की पैमाइश और मेड़बंदी कराई जाए तथा दबंग व्यक्ति से जमीन को मुक्त कराया जाए।
इस संबंध में प्रार्थना पत्र की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश, राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग, और समस्त मीडिया संस्थानों को भी भेजी गई है।

