पूर्व निगम पार्षद सुरेश चौधरी कांग्रेस में शामिल, सैकड़ों समर्थकों के साथ थामा हाथ का साथ

नरेंद्र सिंह( वीर सूर्या टाइम्स )
नई दिल्ली। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय, राजीव भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पूर्व निगम पार्षद सुरेश चौधरी ने रविवार को औपचारिक रूप से कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के दिल्ली प्रभारी काजी निजामुद्दीन, एआईसीसी सचिव अभिषेक दत्त, प्रदेश कांग्रेस कम्युनिकेशन विभाग के चेयरमैन अनिल भारद्वाज और जिला अध्यक्ष वीरेंद्र शर्मा ने सुरेश चौधरी को पार्टी का पटका पहनाकर कांग्रेस परिवार में स्वागत किया।

सुरेश चौधरी ने कहा कि उन्होंने दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव की कार्यशैली और कांग्रेस की विचारधारा से प्रभावित होकर पार्टी का दामन थामा है। वे देवली विधानसभा क्षेत्र से सैकड़ों समर्थकों, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएँ भी शामिल थीं, के साथ कांग्रेस में शामिल हुए।

इस अवसर पर वरिष्ठ नेता जगजीवन शर्मा, चन्द्रकांत गिरी और अनिरुद्ध शर्मा भी मौजूद रहे।

कांग्रेस के दिल्ली प्रभारी काजी निजामुद्दीन ने कहा कि कांग्रेस के आदर्शों और नीतियों में विश्वास जताते हुए सुरेश चौधरी का पार्टी में शामिल होना कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती देगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली की मौजूदा स्थिति किसी से छिपी नहीं है और अब जनता के साथ धोखा करने वालों के खिलाफ सीधी लड़ाई का समय आ गया है।

एआईसीसी सचिव अभिषेक दत्त ने कहा कि सुरेश चौधरी का लोगों से जुड़ने और उनकी सेवा करने का लंबा अनुभव है। उन्होंने कहा कि आज दिल्ली की दुर्दशा के लिए भाजपा और आम आदमी पार्टी दोनों समान रूप से जिम्मेदार हैं।

प्रदेश कांग्रेस कम्युनिकेशन विभाग के चेयरमैन अनिल भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व से प्रेरित होकर पार्टी में शामिल हुए सुरेश चौधरी के सैकड़ों कार्यकर्ता कांग्रेस को नई ताकत देंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के 15 वर्षों में दिल्ली का विकास हुआ था, लेकिन पिछले 12 वर्षों में आम आदमी पार्टी और भाजपा की सरकारों ने दिल्ली की उपेक्षा कर उसे बदहाली की ओर धकेल दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *