लोकगायिका शिल्पा तिवारी के नाम से फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाने का आरोप, कार्रवाई की मांग

मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स) उत्तर-पूर्वी दिल्ली। लोकगायिका शिल्पा तिवारी ने अपने नाम, फोटो और पहचान का कथित रूप से दुरुपयोग कर सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाए जाने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने दिल्ली सरकार को शिकायत भेजकर मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।शिकायत के अनुसार, अज्ञात लोगों द्वारा शिल्पा तिवारी के नाम और तस्वीर का इस्तेमाल कर सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाई गई है। इन प्रोफाइल के माध्यम से लोगों से बातचीत करने के साथ कथित तौर पर पैसों की मांग भी की जा रही है। शिल्पा तिवारी का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से उनकी सामाजिक छवि प्रभावित हो रही है और आम लोगों के साथ धोखाधड़ी होने की आशंका भी बनी हुई है।शिल्पा तिवारी ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से माता के जागरण, भजन-संगीत, लोकमंच और रागिनी कार्यक्रमों में लोकगायिका के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर जांच के माध्यम से फर्जी आईडी संचालित करने वालों की पहचान करने की मांग की है।मीडिया से बातचीत में शिल्पा तिवारी ने कहा, “सोशल मीडिया के माध्यम से मेरे नाम और पहचान का इस्तेमाल कर जो कथित फ्रॉड किया जा रहा है, उस पर कार्रवाई होनी चाहिए। मुझे पुलिस प्रशासन पर विश्वास है। मेरी मांग है कि लोगों को गुमराह करने के लिए फर्जी आईडी बनाने वालों की जांच कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।”उन्होंने संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से फर्जी प्रोफाइल हटाने की भी मांग की है। शिकायत की प्रतिलिपि DCP उत्तर-पूर्वी दिल्ली, जिलाधिकारी उत्तर-पूर्वी दिल्ली तथा साइबर सेल/थाना ज्योति नगर को भी भेजी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *