
मनीष सूर्यवंशी ( वीर सूर्या टाइम्स) हरियाणा। सोहना क़े अम्बेडकर भवन, में आज डोमा परिसंघ की महत्वपूर्ण बैठक एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता केकेसी हरियाणा के वाइस चेयरमैन कैप्टन शीशपाल रुहेला ने की। बैठक की शुरुआत तथागत बुद्ध और संविधान निर्माता डॉ. बी.आर. अम्बेडकर की
प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के साथ हुई।
बैठक में उपस्थित वरिष्ठ नेताओं चौधरी उदयभान (पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष, डोमा परिसंघ) तथा पूर्व सांसद डॉ. उदित राज ने संगठनात्मक मजबूती, सामाजिक अधिकारों की रक्षा और आगामी रणनीति पर विस्तृत विचार व्यक्त किए । वक्ताओं ने कहा कि आज समाज को एकजुट होकर संविधान एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए आगे आने की आवश्यकता है।
बैठक में विशिष्ट अतिथि के रूप में रमेश यादव, सी.पी. सोनी, पूरन सिंह मौर्य, सहीराम, मूलचंद नम्बरदार, धनसिंह, वीर सिंह नम्बरदार समेत प्रदेशभर से आए पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में बुद्धिजीवी उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य एजेंडा आगामी “संविधान बचाओ महारैली—दिल्ली, 30 नवंबर” की तैयारियों को अंतिम रूप देना था। बैठक में निर्णय हुआ कि हरियाणा के विभिन्न जिलों से भारी संख्या में बसें और निजी वाहन दिल्ली भेजे जाएंगे।
दलित एवं पिछड़ा वर्ग के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और संगठनात्मक सदस्य बड़े पैमाने पर रैली में शामिल होंगे।
हर जिले में जनसंपर्क अभियान चलाकर रैली को रिकॉर्ड स्तर पर सफल बनाया जाएगा। बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों और प्रतिभागियों ने 30 नवंबर की महारैली को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।

