मेरठ में स्वराज भारतीय न्याय पार्टी और भागीदारी पार्टी की संयुक्त बैठक, यूपी में नए राजनीतिक गठजोड़ की तैयारी तेज

मनीष सूर्यवंशी ( वीर सूर्या टाइम्स )
मेरठ, उत्तर प्रदेश की राजनीति में नए समीकरण बनने की दिशा में आज एक अहम कदम बढ़ा, जब स्वराज भारतीय न्याय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मास्टर इंद्रजीत सिंह और भागीदारी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेमचंद प्रजापति की संयुक्त बैठक मेरठ स्थित प्रजापति भवन में आयोजित की गई। बैठक में दोनों दलों ने आने वाले वर्षों में होने वाले महत्वपूर्ण चुनावों को मद्देनज़र रखते हुए विस्तृत रणनीति पर मंथन किया।

बैठक में भागीदारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रजापति ने कहा कि अब समय है कि समान विचारधारा वाले राजनीतिक दल एक व्यापक मोर्चा बनाकर 2026 के जिला पंचायत चुनाव और 2027 के विधानसभा चुनाव में मजबूती से उतरें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर सहित कई क्षेत्रीय दलों के साथ तालमेल बनाकर उत्तर प्रदेश में “एक बड़ा राजनीतिक बदलाव” किया जा सकता है।

उन्होंने यह भी बताया कि अगली महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक लखनऊ में ओमप्रकाश राजभर के आवास पर आयोजित की जाएगी, जिसमें कई राजनीतिक दलों के राष्ट्रीय अध्यक्षों की मौजूदगी की उम्मीद है। इस बैठक में संयुक्त मोर्चे की रूपरेखा, सीट साझेदारी और अभियान रणनीति पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है।

संयुक्त बैठक के बाद दोनों शीर्ष नेताओं की एक पर्सनल मीटिंग मेरठ के गेस्ट हाउस में भी हुई, जिसमें भविष्य की राजनीतिक संरचना, संगठन विस्तार और संयुक्त आंदोलन की दिशा पर गहन विचार-विमर्श किया गया।

नेताओं ने विश्वास जताया कि यदि सभी दल साझा एजेंडे पर साथ आते हैं तो उत्तर प्रदेश में आगामी चुनावों में एक नया राजनीतिक विकल्प उभरकर सामने आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *