‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ की मिसाल, मानागढ़ी में लगेगा निःशुल्क नेत्र शिविर

मानागढ़ी (मथुरा)। गांव एवं क्षेत्र के बुजुर्गों की आंखों से जुड़ी समस्याओं को देखते हुए श्री सिद्ध बाबा बूज सेवा समिति, अध्यक्ष धर्मवीर चौधरी ने समाजसेवा की दिशा में पहल करते हुए निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन कराने का निर्णय लिया है। यह शिविर 25 अक्टूबर 2026, रविवार को ग्राम सभा मानागढ़ी स्थित मनकामेश्वर धाम मंदिर में आयोजित किया जाएगा।

समिति अध्यक्ष धर्मवीर चौधरी ने बताया कि क्षेत्र में कई बुजुर्ग ऐसे हैं, जिन्हें आंखों से संबंधित परेशानी रहती है, लेकिन आर्थिक या अन्य कारणों से वे समय पर जांच और उपचार नहीं करा पाते। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए उन्होंने भक्ति वेदांत नेत्र चिकित्सालय, बरसाना से संपर्क कर निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित कराने की पहल की।

शिविर में अनुभवी नेत्र विशेषज्ञों द्वारा लोगों की आंखों की जांच की जाएगी। इसके अलावा जरूरतमंद मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श और दवाइयों की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। शिविर में चिन्हित मोतियाबिंद के मरीजों के लिए लेजर विधि से मोतियाबिंद ऑपरेशन की सुविधा भी उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई है। ऑपरेशन के लिए मरीजों को घर से लाने-ले जाने, उपचार के दौरान रहने तथा भोजन की सुविधा भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। जरूरत के अनुसार आंखों की दवा और ड्रॉप भी वितरित किए जाएंगे।

धर्मवीर चौधरी ने कहा कि समिति “नर सेवा ही नारायण सेवा” की भावना के साथ समाजहित में लगातार कार्य करने के लिए संकल्पित है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि अधिक से अधिक लोग इस निःशुल्क शिविर का लाभ उठाएं और जरूरतमंद बुजुर्गों तक इसकी जानकारी पहुंचाएं।

उन्होंने कहा कि समिति भविष्य में भी स्वास्थ्य, सामाजिक सेवा और जनहित से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *