मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स )नौहझील/मथुरा। नौहझील ब्लॉक के गांव मिठ्ठोली में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) का धरना छठे दिन भी जारी रहा। धरनारत किसानों ने अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन पर समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
धरने पर किसानों ने तालाब, ग्राम समाज, नवीन परती, झुंड-झाड़ी और श्मशान घाट की जमीन को कब्जामुक्त कराने की मांग उठाई। इसके अलावा सहकारी समितियों पर खाद की समस्या दूर करने, बंद पड़े प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को चालू कराने, ब्लॉक क्षेत्र में सरकारी खरीद केंद्र शुरू कराने और जर्जर बिजली लाइनों को बदलवाने की मांग की गई।
जेवर रजवाहे की समस्या से किसान परेशान
किसानों ने सिंचाई विभाग से जुड़ी समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। उनका कहना है कि जेवर रजवाहा हर वर्ष ओवरफ्लो होकर कट जाता है, जिससे सैकड़ों बीघा फसल प्रभावित होती है। किसानों ने रजवाहे की समुचित सफाई, पानी की निकासी और बहाव की व्यवस्था दुरुस्त कराने तथा टेल तक पर्याप्त पानी पहुंचाने की मांग की।
किसानों ने आरोप लगाया कि खुर्जा डिवीजन के सिंचाई विभाग के अधिकारी उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि 20 अक्टूबर के बाद महापंचायत बुलाकर आंदोलन को बड़ा रूप दिया जाएगा। किसानों ने स्पष्ट किया कि सक्षम अधिकारी जब तक धरना स्थल पर पहुंचकर समस्याएं नहीं सुनते और समाधान की ठोस पहल नहीं करते, तब तक धरना जारी रहेगा।
