घोंडा विधानसभा में सीवर लाइन बदलने के कार्य का शुभारंभ, जनता को मिलेगा जलभराव से राहत

नरेंद्र सिंह ( वीर सूर्या टाइम्स )
उत्तर पूर्वी दिल्ली। घोंडा विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से जारी सीवर जाम और जलभराव की समस्याओं के समाधान के लिए मंगलवार को स्थानीय विधायक अजय महावर ने विभिन्न स्थानों पर नई सीवर लाइन बिछाने के कार्य का शिलान्यास किया। यह कार्यक्रम उस्मानपुर के C-ब्लॉक गली नंबर 5, जगजीत नगर के E-ब्लॉक गली नंबर 5 तथा ब्रह्मपुरी के X-ब्लॉक (मोनी बाबा मंदिर के पास) आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

लगभग ₹40 लाख की लागत से होने वाला यह निर्माण उन क्षेत्रों के लिए बड़ी राहत साबित होगा, जहाँ पुरानी और धँसी हुई सीवर लाइनें लगातार रुकावट, बदबू और गंदे पानी की समस्या पैदा कर रही थीं।

विधायक अजय महावर ने कहा कि नई सीवर लाइनें बिछने से स्थानीय जनता को लंबे समय के लिए राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि कई गलियों से सीवर ओवरफ्लो होने की शिकायतें मिल रही थीं, जिन्हें दूर करने के लिए यह कदम बेहद आवश्यक था।
महावर ने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि घोंडा विधानसभा की हर गली-मोहल्ले में स्वच्छ और बेहतर वातावरण सुनिश्चित किया जा सके। नई लाइनें लगने के बाद पानी रुकने और सीवर भरने की समस्या में काफी सुधार होगा।”

स्थानीय निवासियों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि यह कार्य समय रहते शुरू किया गया है और इससे क्षेत्र की सार्वजनिक सुविधाओं में स्पष्ट सुधार देखने को मिलेगा।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मनीष उपाध्याय, कविता शर्मा, राकेश देवल, जितेंद्र भदौरिया, विपिन शर्मा, दिनेश जोशी, रामवती कश्यप, डॉ. दीपमाला, नरेंद्र कुमार, सतीश कुमार, संजीव भारती, अनिल सैन, ब्रह्मपाल खटाना, योगेश, पद्मावती मिश्रा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *