कुलदीप गुड्डू के नेतृत्व में किसान सड़कों पर; घट तौली के खिलाफ जिलाधिकारी को ज्ञापन

नरेंद्र सिंह ( वीर सूर्या टाइम्स ) बुलंदशहर। जिले में गन्ना किसानों के साथ हो रही कथित घटतौली को लेकर आक्रोश बढ़ गया है। 21 नवंबर 2025 को चौधरी कुलदीप गुड्डू के नेतृत्व में किसानों ने जिलाधिकारी बुलंदशहर को शिकायत पत्र सौंपकर वेव शुगर मिल, बुलंदशहर के धमेड़ा क्रिय केंद्र के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

किसानों का आरोप है कि 20 नवंबर को धमेड़ा केंद्र पर मिल कर्मचारियों को घटतौली करते हुए मौके पर पकड़ा गया, जिसकी शिकायत वेव शुगर मिल के जीएम, जिला गन्ना अधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से की गई, लेकिन किसी भी जिम्मेदार अधिकारी ने समय पर कार्रवाई नहीं की।
कार्रवाई न होने पर किसानों ने योगेंद्र सिंह उर्फ मंटू चौधरी के नेतृत्व में रोड जाम कर विरोध जताया।

किसानों ने बताया कि यह समस्या पूरे जनपद में व्याप्त है। आरोप है कि एक क्रिय केंद्र पर ही 40 कुंतल पर पौने दो कुंतल की घटतौली की जा रही है, जिससे पूरे दिन की तोल में हजारों कुंतल का नुकसान किसानों को उठाना पड़ता है। किसानों के अनुसार, जिले में तैनात अधिकारी लापरवाही बरत रहे हैं, जबकि पूर्व में भी शिकायतें की जा चुकी हैं।

चौधरी कुलदीप गुड्डू ने कहा कि
“गन्ना किसानों का शोषण किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं। बुलंदशहर गन्ना उत्पादन में अग्रणी जिला है, फिर भी किसानों के साथ लगातार अन्याय हो रहा है।”

उन्होंने कहा कि यह मामला पहले भी किसान दिवस में जिलाधिकारी के समक्ष उठाया गया था। किसानों का आरोप है कि कुछ अधिकारी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति को कमजोर कर रहे हैं, जिससे किसानों में रोष बढ़ रहा है।

जिलाधिकारी बुलंदशहर ने शिकायत पर जांच और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो पूरे जनपद के किसान मिलकर बड़ा आंदोलन करेंगे। इसकी जिम्मेदारी वेव शुगर मिल के जीएम और जिला गन्ना अधिकारी की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *