अंकित गर्ग (वीर सूर्या टाइम्स ) उत्तर पूर्वी दिल्ली । सरदार वल्लभभाई पटेल की जन्म जयंती के उपलक्ष्य में जिला नवीन शाहदरा में एक विशाल यूनिटी मार्च निकाला गया, जिसमें हजारों की संख्या में स्थानीय नागरिक, स्कूली छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट्स, सामाजिक संस्थाएँ और भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।
मार्च का नेतृत्व उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी ने किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन जिला प्रशासन के सक्रिय सहयोग से हुआ।
यूनिटी मार्च बीजेपी जिला कार्यालय, ज्योति नगर से शुरू होकर दुर्गापुरी चौक, नाथू कॉलोनी चौक, मंडोली रोड मार्केट होते हुए पानी की टंकी, शाहदरा तक निकला। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता, सद्भाव और सामाजिक जागरूकता के संदेश दिए।
यूनिट मार्च मार्च में शाहदरा डीएम शैलेंद्र सिंह परिहार दिल्ली विधानसभा के डिप्टी स्पीकर मोहन सिंह बिष्ट जिला अध्यक्ष मास्टर विनोद कुमार,विधायक जितेंद्र महाजन पूर्व विधानसभा प्रत्याशी कुमारी रिंकू शाहदरा ज़ोन चेयरमैन पुनीत शर्मा, डिप्टी चेयरमैन मुकेश बंसल निगम पार्षद वीर सिंह पंवार, रीना महेश्वरी, शिमला देवी
सहित अनेक स्थानीय जन-प्रतिनिधि और संगठन पदाधिकारी शामिल रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि भारत की रियासतों को एक सूत्र में पिरोने में सरदार वल्लभभाई पटेल की भूमिका अतुलनीय रही है।
उन्होंने कहा कि सत्ता के लालच में “कुछ नेताओं” ने देश को दो हिस्सों में बाँटकर बड़ा ऐतिहासिक नुकसान किया।
वही तिवारी ने कहा—अगर कश्मीर के विलय की ज़िम्मेदारी सरदार पटेल को दी गई होती, तो आज कश्मीर आतंकवाद की आग में न जल रहा होता।”
उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने महात्मा गांधी की छवि का उपयोग कर देश को जाति और पंथ के आधार पर बाँटने का काम किया और अंग्रेजों की फूट डालो, राज करो नीति को आगे बढ़ाया।
वही सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को जोड़ने वाले ऐसे अभियानों ने जनता में राष्ट्रीय चेतना को मजबूत किया है।
उन्होंने यह भी कहा— जब देश एकजुट खड़ा होगा, वही सरदार पटेल को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।”
मार्च के दौरान देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का संदेश देने वाले कई कार्यक्रम भी हुए।

