मनीष सूर्यवंशी ( वीर सूर्या टाइम्स )
नई दिल्ली, शाहदरा। नवीन शाहदरा के वी ब्लॉक स्थित छोटू हलवाई दुकान पर शुक्रवार देर रात फायरिंग की सनसनीखेज वारदात सामने आई। रात करीब 11:09 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक को गोली मार दी गई है।
पुलिस टीम के मौके पर पहुँचने पर पता चला कि 27 वर्षीय गगन आही, निवासी नवीन शाहदरा, को गोली लगी थी। गगन इलाके का घोषित बदमाश (BC) बताया जा रहा है। उसे तत्काल जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गोली उसकी दाहिनी कनपटी पर लगी थी।
प्राथमिक जांच में सामने आया कि दो आरोपी मोटरसाइकिल पर आए थे और फायरिंग की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस ने एक आरोपी और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल को हिरासत में ले लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
सूत्रों के अनुसार, मृतक गगन और आरोपियों के बीच हाल ही में झगड़ा व विवाद हुआ था। शुक्रवार रात कथित तौर पर “पैच-अप” मीटिंग के दौरान ही विवाद बढ़ा और गोलीबारी हो गई।
मामला बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

