वीर सूर्या टाइम्स
बागपत। जनपद बागपत की निवाली ग्राम पंचायत से खेतों में अवैध मिट्टी खनन का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित किसान दिनेश धामा पुत्र धर्मपाल, निवासी ग्राम निवाली, तहसील व जनपद बागपत ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर अपने ही चाचा पर खेत से अवैध रूप से मिट्टी उठाने का आरोप लगाया है।
पीड़ित के अनुसार उसकी भूमि खसरा संख्या 0666 है, जबकि उसके चाचा ब्रजपाल पुत्र परसाल बिना किसी अनुमति के अपने खेत से मिट्टी खनन कर रहे हैं, जिससे पीड़ित की भूमि का लेवल खराब हो रहा है और फसलों को नुकसान पहुंच रहा है। आरोप है कि जब पीड़ित ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने गाली-गलौज की और धमकी दी कि वह मिट्टी उठाना बंद नहीं करेगा।
दिनेश धामा का कहना है कि लगातार हो रहे अवैध खनन से खेत की सीमाएं कमजोर हो रही हैं और भूमि कटाव का खतरा बढ़ गया है। इस कारण वह मानसिक रूप से भी परेशान और भयभीत है। पीड़ित ने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर अवैध मिट्टी खनन पर रोक लगाने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में जिलाधिकारी से मांग की गई है कि तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अवैध खनन को तत्काल रोका जाए, ताकि किसान की भूमि और फसल को हो रहे नुकसान से बचाया जा सके।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर शिकायत पर क्या कदम उठाता है।

