बरौली–कचनाऊ रोड के जलभराव पर भाकियू ने उठाई आवाज

वीर सूर्या टाइम्स विशेष संवाददाता
मथुरा।विकासखंड बलदेव के ग्राम बरौली से कचनाऊ को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर भारी जलभराव के कारण क्षेत्रवासियों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर लगभग 2.2 फुट तक पानी भरा होने से राहगीरों, किसानों, विद्यार्थियों और दोपहिया वाहन चालकों की आवाजाही लगभग ठप हो गई है।
इस समस्या को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के प्रदेश प्रवक्ता एवं मध्य प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह परिहार ने जिलाधिकारी मथुरा को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र समाधान की मांग की है। उन्होंने बताया कि यह मार्ग विसावर और हाथरस को जोड़ने वाला अत्यंत पुराना व महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, लेकिन लंबे समय से जलनिकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण हर वर्ष लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है।
गजेंद्र सिंह परिहार ने कहा कि संगठन द्वारा संबंधित अधिकारियों को पूर्व में भी कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जलभराव के चलते ग्रामीणों को वैकल्पिक और लंबे रास्तों से जाना पड़ रहा है, जिससे समय और आर्थिक नुकसान हो रहा है।
भाकियू ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था कर सड़क को आवागमन योग्य बनाया जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *