तकनीक और संस्कृति के संगम का साक्षी बना एडीजीआईपीएस का वार्षिक उत्सव

अंकित गर्ग (वीर सूर्या टाइम्स ) नई दिल्ली। दिल्ली के शास्त्री पार्क स्थित डॉ. अखिलेश दास गुप्ता इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज (एडीजीआईपीएस) में वार्षिक तकनीकी–सांस्कृतिक उत्सव उत्कर्ष 2026 का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सोनाक्षी दास, वाइस प्रेसिडेंट बीबीडी ग्रुप, रहीं।
समारोह में डॉ. विजय धीर (डायरेक्टर कोऑर्डिनेशन), प्रो. डॉ. निरंजन भट्टाचार्य (निदेशक), श्री बी.एम.के. गुप्ता (डायरेक्टर फाइनेंस), श्रीमती पंखुड़ी अग्रवाल (असिस्टेंट डायरेक्टर–एचआर) सहित सभी विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि सोनाक्षी दास ने अपने संबोधन में कहा कि “उत्कर्ष जैसे आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और सहयोग की भावना को सशक्त मंच प्रदान करते हैं। इस वर्ष का विषय ‘विरासत से विकास तक’ संस्थान की सोच और दूरदृष्टि को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।” उन्होंने आयोजन समिति, संकाय सदस्यों और छात्र स्वयंसेवकों के समर्पण की सराहना करते हुए विद्यार्थियों की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेल उपलब्धियों के लिए उन्हें बधाई दी।
समारोह के दौरान बीटेक, प्रबंधन एवं लॉ संकाय के छात्रों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर स्टूडेंट ऑफ द ईयर पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही मिस्टर और मिस उत्कर्ष 2026 के खिताब भी प्रदान किए गए।
संस्थान के निदेशक प्रो. डॉ. निरंजन भट्टाचार्य ने अपने धन्यवाद ज्ञापन में बीबीडी ग्रुप की चेयरपर्सन श्रीमती अलका दास गुप्ता, प्रेसिडेंट श्री विराज सागर दास, वाइस प्रेसिडेंट सोनाक्षी दास एवं श्रीमती देवांशी दास के मार्गदर्शन और दूरदर्शी नेतृत्व के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके सतत मार्गदर्शन से संस्थान निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।
कार्यक्रम के समापन पर आयोजित स्टार नाइट में प्रसिद्ध गायिका चारू सेमवाल की सुमधुर प्रस्तुति पर छात्र–छात्राओं ने उत्साहपूर्वक नृत्य किया, जिससे समारोह यादगार बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *