घोंडा विधानसभा में शुरू हुई ‘अटल कैंटीन’, श्रमिकों और जरूरतमंदों को मिलेगा किफायती पौष्टिक भोजन

मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्य टाइम्स )
नई दिल्ली। घोंडा विधानसभा क्षेत्र में दिल्ली सरकार की जनकल्याणकारी पहल ‘अटल कैंटीन’ का शुभारंभ किया गया। भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर संचालित इस योजना का उद्देश्य श्रमिकों, छात्रों, दैनिक वेतनभोगियों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को किफायती दरों पर स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में घोंडा विधानसभा क्षेत्र में दो स्थानों पर अटल कैंटीन की शुरुआत की गई है। पहली कैंटीन 4.5 पुस्ता, सर्विस रोड पर तथा दूसरी कैंटीन भाजपा जिला कार्यालय के सामने सी-4, यमुना विहार में स्थापित की गई है, ताकि घनी आबादी वाले क्षेत्रों में अधिक से अधिक जरूरतमंदों को लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इन अटल कैंटीनों का वर्चुअल उद्घाटन 19 फरवरी को किया था, जबकि शुक्रवार 21 फरवरी को सांसद मनोज तिवारी, वरिष्ठ नेता आर. पी. सिंह तथा घोंडा विधानसभा के विधायक अजय महावर ने संयुक्त रूप से शिलान्यास कर कैंटीनों का औपचारिक शुभारंभ किया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि अटल कैंटीन जैसी योजनाएँ केवल भोजन उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि श्रमिक बहुल घोंडा क्षेत्र में यह पहल दैनिक वेतनभोगियों, प्रवासी मजदूरों और जरूरतमंद परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी।
वरिष्ठ नेता आर. पी. सिंह ने कहा कि अटल कैंटीन, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के अंत्योदय के विचार को धरातल पर उतारने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार द्वारा इसे स्वच्छ, संगठित और किफायती रूप में लागू करना संवेदनशील और जनहितकारी शासन का उदाहरण है।
विधायक अजय महावर ने कहा कि घोंडा विधानसभा क्षेत्र में बड़ी संख्या में औद्योगिक इकाइयाँ, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक और छात्र निवास करते हैं। ऐसे में अटल कैंटीन क्षेत्र की वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई है, जिससे लोगों को सम्मानजनक, पौष्टिक और स्वच्छ भोजन सुलभ हो सके।
बताया गया कि इन कैंटीनों के माध्यम से प्रतिदिन सैकड़ों लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। भविष्य में मांग बढ़ने पर घोंडा विधानसभा के अन्य क्षेत्रों में भी अटल कैंटीन खोलने पर विचार किया जाएगा।
क्षेत्रवासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि महंगाई के इस दौर में कम लागत पर गुणवत्तापूर्ण भोजन की सुविधा श्रमिकों और निम्न आय वर्ग के लिए बड़ी राहत साबित होगी।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष यू. के. चौधरी, पूर्व जिला अध्यक्ष मोहन गोयल, पूनम चौहान, राजकुमार बल्लन, पार्षद रेखा रानी, प्रीति गुप्ता, मंडल अध्यक्ष राजेश पाल, विपिन कुमार, सचिन छजलाना, मनीष उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *