वीर सूर्या टाइम्स पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर स्थित पार्क में 15 मार्च को स्वर्गीय तरुण खटीक की याद में एक विशाल श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में अखिल भारतीय खटीक समाज के नेतृत्व में देश के विभिन्न राज्यों से हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। सभा में 36 बिरादरी, विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधि, साधु-संतों सहित लगभग 50 से 60 हजार लोगों की उपस्थिति बताई गई।
कार्यक्रम में डॉ. मंगत राम, अनिल कुमार सरवालिया (प्रदेश अध्यक्ष, दिल्ली), एडवोकेट के.एल. राजोरा, श्रीमती रचना पाल, डॉ. सुरेश मलकानी, ममता सूर्यवंशी, डॉ. सोमप्रकाश बागड़ी, राज बागड़ी, सुनील फौजी, रमेश महेंद्रा, जगमोहन बंबोरिया, मनीष कुमार लक्ष्मण सहित कई प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विनोद खटीक के नेतृत्व में शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, सहारनपुर, बरेली, बदायूं, बागपत, गाजियाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़ समेत कई जिलों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इसके अलावा उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान से भी प्रतिनिधिमंडल ने भाग लिया।
सभा के दौरान अखिल भारतीय खटीक समाज ने सरकार और प्रशासन के सामने पांच प्रमुख मांगें रखीं:
हत्यारों को फांसी की सजा तथा अन्य आरोपियों को आजीवन कारावास।
मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कर शीघ्र न्याय।
पीड़ित परिवार को 2 से 3 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता।
परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी।
पीड़ित परिवार को पुलिस द्वारा निशुल्क सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।
समाज के नेताओं ने बताया कि घटना के तुरंत बाद संगठन के पदाधिकारियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया था।
कार्यक्रम के अंत में सर्व समाज से अपील की गई कि वे एकजुट होकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में सहयोग करें।

