मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स )
पूर्वी दिल्ली शाहदरा जिले की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 1.640 किलोग्राम गांजा (मध्यवर्ती मात्रा) बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 17 मार्च 2026 को ANTF शाहदरा को गुप्त सूचना मिली थी कि कस्तूरबा नगर, विवेक विहार क्षेत्र की रहने वाली रितु नामक महिला इलाके में अवैध गांजा बेचने का काम कर रही है। सूचना मिलते ही इसे वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाया गया और इंस्पेक्टर विनोद कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कस्तूरबा नगर स्थित आरोपी के घर पर छापेमारी की, जहां से सफेद पॉलिथीन बैग में रखा 1.640 किलो गांजा बरामद हुआ। मौके पर ही आरोपी रितु (37 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया।
इस संबंध में थाना विवेक विहार में FIR संख्या 97/26 17.03.2026 के तहत धारा 20/25 NDPS एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बरामद गांजे को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने सप्लायर के बारे में अहम जानकारी दी है, जिसके आधार पर पुलिस टीम अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी रितु एक दिहाड़ी मजदूर है और आर्थिक तंगी के कारण अवैध नशे के कारोबार में शामिल हो गई। वह पहले भी एक्साइज और NDPS एक्ट के तहत कई मामलों में शामिल रह चुकी है। उसके खिलाफ कुल छह मामले दर्ज हैं और वर्ष 2025 में उसे एक वर्ष के लिए दिल्ली से निष्कासित भी किया गया था।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

