MCD में भ्रष्टाचार पर बड़ी कार्रवाई, डिप्टी कमिश्नर समेत कई अधिकारी सस्पेंड

मनीष सूर्यवंशी ( वीर सूर्या टाइम्स)
उत्तर-पूर्वी दिल्ली। राजधानी दिल्ली में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए MCD (नगर निगम) ने शाहदरा नॉर्थ ज़ोन के डिप्टी कमिश्नर और एक प्रशासनिक अधिकारी को सस्पेंड कर दिया है। दोनों अधिकारियों पर रिश्वत लेने के गंभीर आरोप हैं, जिसके चलते CBI द्वारा उन्हें गिरफ्तार किया गया था।
जानकारी के मुताबिक, दोनों अधिकारी एक दिन की CBI रिमांड पर रहे। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इसके बाद MCD ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों अधिकारियों को निलंबित कर दिया।
मामले में यह भी सामने आया है कि शाहदरा नॉर्थ ज़ोन के एक जूनियर इंजीनियर और एक बेलदार को भी CBI ने रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। हालांकि, इनकी गिरफ्तारी की आधिकारिक सूचना MCD को कुछ देरी से प्राप्त हुई।
MCD कमिश्नर के अनुसार, निलंबित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच जारी है और आगे की कार्रवाई नियमों के तहत की जाएगी। फिलहाल, संबंधित अधिकारियों को उनके मूल विभाग में वापस भेजने की प्रक्रिया बाद में पूरी की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, इस कार्रवाई के बाद शाहदरा नॉर्थ ज़ोन में कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच सतर्कता और चिंता का माहौल है। वहीं, कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि आम जनता को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और व्यवस्था में सुधार की सख्त जरूरत है।
सूत्रों का यह भी दावा है कि यदि CBI, विजिलेंस और अन्य जांच एजेंसियां निष्पक्ष और सख्ती से कार्य करें, तो नगर निगम के कई अन्य कर्मचारी भी जांच के दायरे में आ सकते हैं। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
प्रशासन का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *