“मानवता की सेवा से लेकर दंगा नियंत्रण तक, हर चुनौती के लिए तैयार है RAF” – डिप्टी कमांडेंट शोभा सिंह रावत

मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स)
उत्तर पूर्वी दिल्ली। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की 103 बटालियन वजीराबाद न केवल दंगा नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है, बल्कि सामाजिक सरोकारों और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी लगातार सक्रिय है।
103 बटालियन की डिप्टी कमांडेंट शोभा सिंह रावत ने कहा कि RAF का उद्देश्य केवल आपात परिस्थितियों में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करना ही नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना भी है। उन्होंने बताया कि बटालियन समय-समय पर रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण कार्यक्रम, जनजागरूकता अभियान तथा अन्य सामाजिक गतिविधियों का आयोजन करती रहती है।
उन्होंने कहा, “RAF मानवता की सेवा से लेकर पर्यावरण संरक्षण और दंगा नियंत्रण तक हर क्षेत्र में अपनी भूमिका निभा रही है। देश और समाज की सुरक्षा के लिए हमारे जवान 24 घंटे तैयार रहते हैं। किसी भी आपदा, संकट या कानून-व्यवस्था की चुनौती के समय RAF पूरी तत्परता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाती है।”
डिप्टी कमांडेंट रावत ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस जैसे अवसरों पर वृक्षारोपण अभियान चलाकर जवानों और आम नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाता है। उनका मानना है कि सुरक्षित समाज के साथ-साथ स्वच्छ और हरित वातावरण भी राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
RAF 103 बटालियन की ओर से चलाए जा रहे सामाजिक और पर्यावरणीय कार्यक्रमों को स्थानीय लोगों द्वारा भी सराहा जा रहा है, जिससे सुरक्षा बल और समाज के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *