नंद नगरी पुलिस ने दो शराब तस्करों को दबोचा, 121 क्वार्टर अवैध शराब बरामद

मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स)

नई दिल्ली। अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नंद नगरी थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 121 क्वार्टर अवैध शराब तथा 2,670 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 6 जून की रात सुंदर नगरी क्षेत्र में गश्त के दौरान कांस्टेबल सचिन और कांस्टेबल रजत को गुप्त सूचना मिली कि रविदास मंदिर, एफ-ब्लॉक के पास कुछ लोग अवैध शराब बेच रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां दो संदिग्ध व्यक्ति प्लास्टिक के कट्टे लेकर खड़े मिले। पुलिस को देखकर दोनों वहां से हटने का प्रयास करने लगे, लेकिन उन्हें तुरंत पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान कृष्णा उर्फ एली (23) और अभिषेक (37) निवासी सुंदर नगरी, दिल्ली के रूप में हुई। तलाशी के दौरान कृष्णा के कब्जे से 70 क्वार्टर अवैध शराब और 2,670 रुपये नकद, जबकि अभिषेक के पास से 51 क्वार्टर अवैध शराब बरामद की गई। बरामद सभी शराब की बोतलों पर “फॉर सेल इन हरियाणा ओनली” अंकित था।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना नंद नगरी में एफआईआर संख्या 319/2026 के तहत दिल्ली आबकारी अधिनियम की धारा 33 में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *