दिल्ली को मिली विश्वस्तरीय सुविधाएं, विकास की नई पहचान: मनोज तिवारी

नई दिल्ली। मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एवं दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यकाल विकास, विश्वास और जनकल्याण को समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि चुने हुए प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी का यह सबसे लंबा कार्यकाल है और इस दौरान देश व दिल्ली में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं।

सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि साबित होगा। उन्होंने बताया कि पहली बार मीत नगर-सबोली रेलवे हॉल्ट का निर्माण हुआ और 12 ट्रेनों के ठहराव की सुविधा मिली है। भारत मंडपम, यशोभूमि और प्रगति मैदान टनल जैसी विश्वस्तरीय परियोजनाएं भी दिल्ली को मिली हैं।

उन्होंने कहा कि यमुना विहार में पहला डाकघर पासपोर्ट केंद्र खोला गया है। शाहदरा में 20 करोड़ रुपये की लागत से केंद्रीय विद्यालय भवन का निर्माण कराया गया, जबकि खजूरी खास में 32 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक केंद्रीय विद्यालय भवन का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा। इसके अलावा 15 करोड़ रुपये की लागत से क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए तथा लगभग 25 हजार करोड़ रुपये मूल्य की सरकारी भूमि को भूमाफियाओं से मुक्त कराया गया।

विधायक अजय महावर ने बताया कि विधायक सेवा सदन का शुभारंभ किया गया है तथा एक नई वेबसाइट भी लॉन्च की गई है, जिससे घोंडा क्षेत्र के नागरिक डिजिटल माध्यम से सीधे जुड़ सकेंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार यमुना की सफाई, वाटर टैक्सी परियोजना और 100 प्रतिशत इलेक्ट्रिक बसों के लक्ष्य पर कार्य कर रही है।

डॉ. यू.के. चौधरी ने कहा कि संगठन द्वारा जनकल्याणकारी कार्य लगातार किए जा रहे हैं, जिनका लाभ आम जनता को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हरित एवं जाम-मुक्त दिल्ली के निर्माण के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन के क्षेत्र में भी सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष मोहन गोयल, पूनम चौहान, राजकुमार बल्लन, जोन चेयरमैन पुनीत शर्मा, गुलाब सिंह राठौर, मीडिया प्रभारी दीपक चौहान, सचिन मावी, राहुल गौड़, दिनेश धामा, पार्षद प्रमोद गुप्ता, रेखा रानी, प्रीति गुप्ता, राजेंद्र अग्रवाल, विपिन शर्मा, गंगाधर शर्मा, राजेशपाल, मनीष सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *