
रेशु उपाध्याय ( वीर सूर्या टाइम्स) मानागढ़ी (मथुरा)
नौहवारी-नरवारी क्षेत्र के गांव मानागढ़ी स्थित प्राचीन श्री सिद्ध बाबा मंदिर परिसर में आयोजित तीन दिवसीय ऐतिहासिक बलदेव छठ मेले का समापन विशाल कुश्ती दंगल के साथ हुआ। मेले में आसपास के गांवों के साथ दूर-दराज से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक पहुंचे।
मेले के अंतिम दिन आयोजित दंगल में नामी पहलवानों ने अपनी कुश्ती कला का प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय लोक दल के वरिष्ठ नेता एवं विधान परिषद सदस्य योगेश नोहवार ने भारत पहलवान घंघोली और संजय पहलवान मितरोल का हाथ मिलाकर 1 लाख 11 हजार रुपये की इनामी कुश्ती का शुभारंभ कराया। दोनों पहलवानों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, लेकिन निर्धारित समय तक मुकाबला बराबरी पर रहा।
वहीं भाजपा के क्षेत्रीय विधायक राजेश चौधरी ने 51 हजार रुपये की कुश्ती में युधिष्ठिर पहलवान और मनीष पहलवान का हाथ मिलाकर मुकाबले का शुभारंभ कराया। यह मुकाबला भी कड़े संघर्ष के बाद बराबरी पर समाप्त हुआ।

31 हजार रुपये की इनामी कुश्ती में बंटी पहलवान हामदपुर ने धर्म पहलवान जावरा को चित कर मुकाबला अपने नाम किया। 21-21 हजार रुपये की कुश्तियों में दानिश पहलवान नोएडा-संदीप पहलवान पारसोली तथा माखन पहलवान पैगाम के मुकाबले बराबरी पर रहे। वहीं 11 हजार रुपये की कुश्ती में नीरज घंघोली और सचिन करवाया के बीच मुकाबला भी बराबरी पर छूटा।
मेले के पहले दो दिनों में दौड़, रस्साकशी, लंबी कूद और ऊंची कूद सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। श्री सिद्ध बाबा मंदिर को आकर्षक रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा।
मीडिया से बातचीत में योगेश नोहवार ने कहा कि यदि ग्राम पंचायत मानागढ़ी स्टेडियम के लिए भूमि उपलब्ध कराती है तो राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्र सरकार में मंत्री जयंत चौधरी के प्रयासों से यहां भव्य स्टेडियम के निर्माण का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जयंत चौधरी की सोच है कि किसान और मजदूरों के बच्चे खेलों में आगे बढ़ें और देश व क्षेत्र का नाम रोशन करें।
कार्यक्रम में रालोद जिलाध्यक्ष पीतम चौधरी, डायरेक्टर शेर सिंह, जगबीर प्रधान, रमेश हवलदार, अमर सिंह प्रधान, देवेंद्र प्रधान, कैप्टन छित्तरिया, सतवीर लंबरदार, संजीव मास्टर, कालू प्रधान, दुर्गेश प्रधान, अजीत सिंह दरोगा, लोहरे मास्टर, रवि करण और मनवीर सिंह सूर्यवंशी, नोविल प्रधान, चौधरी ज्ञानेंद्र सिंह, सुखवीर सरपंच, विजयपाल सिंह प्रजापति
सहित हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे।
वही सामाजिक कार्यकर्ता सुभाष चौधरी ने कहा कि मेले की व्यवस्थाएं अच्छी रहीं, हालांकि गांव में साफ-सफाई को लेकर कुछ कमी दिखाई दी। उन्होंने बताया कि बिजली व्यवस्था को लेकर की गई मांग को संबंधित अधिकारियों ने स्वीकार भी किया था।
अंत में दंगल कमेटी और गांव के प्रमुख लोगों ने मेले के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, श्रद्धालुओं और दंगल कमेटी के सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

