
मनीष सूर्यवंशी ( वीर सूर्या टाइम्स )
उत्तर पूर्वी दिल्ली के ख़जूरी चौक स्थित शहीद दिनेश चंद्र स्मारक के पास बढ़ती अवैध पार्किंग ने पूरे क्षेत्र में गंभीर अव्यवस्था फैलाकर स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। यह इलाका न केवल भीड़भाड़ वाला है, बल्कि यहां स्थित शहीद स्मारक के कारण भावनात्मक रूप से भी बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। इसके बावजूद स्मारक के आसपास अनियंत्रित ढंग से खड़ी की जा रही गाड़ियाँ दैनिक आवागमन को बाधित कर रही हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, अवैध पार्किंग की वजह से यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है, परिणामस्वरूप जाम सामान्य बात बन गई है। विशेषकर पीक आवर्स में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वहीं स्मारक के आसपास वाहनों की अव्यवस्था दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ा रही है, जिससे लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता गहराती जा रही है।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए श्रीराम कॉलोनी वार्ड-246 से निगम पार्षद प्रत्याशी प्रमोद झा ने इस मामले को प्रमुखता से उठाया है। उन्होंने कैबिनेट मंत्री एवं करावल नगर विधायक कपिल मिश्रा को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। अपने पत्र में उन्होंने अवैध पार्किंग पर सख़्त कार्रवाई, नियमित ट्रैफिक पुलिस तैनाती और “नो पार्किंग ज़ोन” को सख़्ती से लागू करने जैसे उपायों को जल्द प्रभावी बनाने की अपील की।
प्रमोद झा ने कहा, “एक शहीद के स्मारक के पास इस तरह की अव्यवस्था बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। यदि प्रशासन तुरंत कदम उठाए तो स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और स्मारक की गरिमा भी बनी रहेगी।”
स्थानीय निवासियों ने भी उम्मीद जताई है कि जल्द ही प्रशासनिक हस्तक्षेप से ख़जूरी चौक की यातायात समस्याओं का समाधान होगा और क्षेत्र में व्यवस्था दोबारा सुचारू हो सकेगी।

