यूरिया न मिलने से किसान बेहाल, किसान नेता आज देंगे बड़ा आंदोलन

मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स )
बुलंदशहर। जनपद बुलंदशहर के ग्राम याकूबपुर स्थित साधन सहकारी समिति पर यूरिया खाद का वितरण लगातार एक महीने से बंद होने के कारण किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है। किसान नेता चौधरी कुलदीप गुड्डू ने इस गंभीर समस्या को लेकर प्रशासन और सरकार पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि उच्च अधिकारियों के लगातार आदेशों के बावजूद भी शनिवार को यूरिया का वितरण नहीं किया गया, जिससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

चौधरी कुलदीप गुड्डू ने बताया कि किसान पिछले एक महीने से समिति के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें समय पर खाद नहीं मिल पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि खुलेआम किसानों का शोषण किया जा रहा है और अधिकारियों के आदेशों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह स्थिति सीधे तौर पर प्रदेश सरकार की भ्रष्टाचार मुक्त नीति को चुनौती देने जैसा कृत्य है।

किसान नेता ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सोमवार, दिनांक 8 दिसंबर 2025 को याकूबपुर साधन सहकारी समिति पर यूरिया का वितरण शुरू नहीं किया गया, तो वे मजबूर होकर कलेक्ट्रेट परिसर में भूख हड़ताल पर बैठेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अब तक इस समस्या को लेकर जिलाधिकारी बुलंदशहर, किसान दिवस, तहसील दिवस सहित कई मंचों पर शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन आज तक कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया।

उन्होंने यह भी कहा कि किसानों की मेहनत पर पानी फेरने वालों का पूरा हिसाब लिया जाएगा और किसी भी कीमत पर किसानों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चौधरी कुलदीप गुड्डू ने प्रशासन से मांग की कि तत्काल प्रभाव से यूरिया का वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों की फसलें बर्बाद होने से बच सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *