नई दिल्ली (वीर सूर्या टाइम्स)।
दिल्ली नगर निगम के मेयर राजा इक़बाल सिंह ने विधायक अजय महावर के आग्रह पर शनिवार को गोकलपुर ड्रेन का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर निगम की DEMS कमेटी के चेयरमैन संदीप कपूर, पार्षद रेखा रानी, पार्षद प्रीति गुप्ता, निगम उपायुक्त अभिषेक मिश्रा सहित निगम और दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान मेयर ने खजूरी चौक नाला से पाँचवें पुस्ते नाला तक ड्रेन की सफाई व्यवस्था, कचरा निष्कासन और जल प्रवाह की स्थिति का जायज़ा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि नालों की सफाई कार्यों में तेजी लाई जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
मेयर राजा इक़बाल सिंह ने कहा कि जलभराव और गंदगी से निजात के लिए नियमित और समयबद्ध सफाई आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से जवाबदेही सुनिश्चित करने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय से काम करने को कहा, ताकि क्षेत्रवासियों को स्थायी राहत मिल सके।
विधायक अजय महावर ने कहा कि गोकलपुर क्षेत्र में सफाई और जल निकासी लंबे समय से जनता की प्रमुख समस्या रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयास से क्षेत्र की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
नगर निगम DEMS कमेटी के चेयरमैन संदीप कपूर ने कहा कि ड्रेनों की नियमित निगरानी और कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण बरसात के मौसम में जलभराव रोकने का प्रभावी उपाय है।
पार्षद रेखा रानी और प्रीति गुप्ता ने भी स्थानीय निवासियों की समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखते हुए सफाई व्यवस्था में निरंतरता पर ज़ोर दिया।
निगम उपायुक्त अभिषेक मिश्रा ने निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को सुधारात्मक कदम उठाने और तय समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। नगर निगम ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में स्वच्छता और जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए इस प्रकार के निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।

