अटल बिहारी वाजपेई जी की जन्म जयंती पर मास्क मैजिक संस्था द्वारा विचार गोष्ठी का आयोजन

मनीष सूर्यावंशी | वीर सूर्या टाइम्स
उत्तर-पूर्वी दिल्ली | मंडोली
भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई जी की जन्म जयंती के अवसर पर उत्तर-पूर्वी दिल्ली के मंडोली स्थित बृजवासी बैंकट हॉल में एक गरिमामयी विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन कर अटल जी के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए श्रद्धांजलि देने के साथ हुआ। इसके पश्चात उपस्थित जनसमूह ने वंदे मातरम् और भारत माता की जय के नारों के साथ राष्ट्रभक्ति का वातावरण बनाया।
इस विचार गोष्ठी का आयोजन मास्क मैजिक संस्था के तत्वावधान में किया गया, जिसमें संस्था के सैकड़ों कार्यकर्ता, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मास्क मैजिक संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राम सिंह माहौर ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई जी के जीवन, व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने अटल जी को एक दूरदर्शी राजनेता, प्रखर वक्ता और संवेदनशील कवि बताया। साथ ही कहा कि अटल जी की कविताएँ और विचार आज भी देशवासियों को राष्ट्र सेवा की प्रेरणा देते हैं।
डॉ. माहौर ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई जी की राजनीति सत्ता केंद्रित नहीं, बल्कि संस्कार, संवाद, सहमति और राष्ट्रहित पर आधारित थी। उनके विचार आज के युवाओं, समाज और राजनीति के लिए भी मार्गदर्शक हैं।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर उन्होंने बताया कि मास्क मैजिक संस्था विगत 15 वर्षों से स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर जनसेवा का कार्य कर रही है तथा भविष्य में अटल बिहारी वाजपेई जी के विचारों को घर-घर और गांव-गांव तक पहुँचाने के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने अटल जी के आदर्शों को आत्मसात करने और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में संस्था की राष्ट्रीय सचिव श्रीमती दया कुमारी, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष श्रीमती शिल्पी माहौर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रसादी लाल, राष्ट्रीय उप सचिव डॉ. सतीश चंद्र, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य दीपचंद सिंह, प्रमुख समाजसेवी सत्यदेव मिश्रा, भाजपा महामंत्री धर्मवीर सिंह सूर्यवंशी, कुलदीप दयानंद कोहली, नरेश माहौर, ऋषभ माहौर, रेखा माहौर सहित सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *