
मनीष सूर्यवंशी वीर सूर्या टाइम्स
पूर्वी दिल्ली लोकसभा सांसद खेल महोत्सव 2025 का भव्य समापन, पीएम मोदी का प्रेरक संदेश
दिल्ली | आनंद विहार
पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आयोजित “सांसद खेल महोत्सव 2025” का भव्य समापन आनंद विहार स्थित संत विवेकानंद स्कूल के ऑडिटोरियम में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश वर्चुअल माध्यम से प्रसारित किया गया, जिसमें उन्होंने आयोजन के उद्देश्यों, उपलब्धियों और भविष्य के लक्ष्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत के युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और खेल उनमें ऊर्जा, अनुशासन व टीम भावना का विकास करते हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले वर्षों में भारत बड़े खेल आयोजनों की मेजबानी की ओर अग्रसर है, जिनमें 2030 राष्ट्रमंडल खेल और 2036 ओलंपिक शामिल हैं। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि आज 10 से 12 वर्ष के खिलाड़ी भविष्य में इन अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का प्रतिनिधित्व करेंगे और भारत का नाम रोशन करेंगे।
समारोह के मुख्य अतिथि भारत सरकार में केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव अब एक जन आंदोलन का रूप ले चुका है, जो शहरों से लेकर गांवों तक युवाओं को खेलों से जोड़ रहा है। उन्होंने इसे फिटनेस, अनुशासन और व्यक्तित्व विकास का प्रभावी मंच बताया। केंद्रीय राज्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री ने सभी सांसदों से आग्रह किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की पहचान करें और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करें, ताकि वे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत सकें।
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह स्वस्थ जीवनशैली, आत्मविश्वास और देशभक्ति की भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आज का खेल परिवेश इतना समावेशी हो चुका है कि गरीब से गरीब परिवार का बच्चा भी अपने हुनर के बल पर शीर्ष स्तर तक पहुंच सकता है।
समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर दिल्ली विधानसभा में सचेतक अभय वर्मा, पूर्व मंत्री एवं यमुनापार विकास बोर्ड चेयरमैन सरदार अरविंदर सिंह लवली, भाजपा शाहदरा जिला अध्यक्ष दीपक गाबा, मयूर विहार जिला अध्यक्ष विजेंदर धामा, शाहदरा जिला प्रवक्ता एडवोकेट भारत गौड़, त्रिलोकपुरी विधायक रविकांत उज्जैनवाल, पटपड़गंज विधायक रवि नेगी, कृष्णा नगर विधायक डॉ. अनिल गोयल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, स्कूल प्रबंधन, पार्षद और आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा ने सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों, स्कूल प्रबंधन, अधिकारियों और आयोजन से जुड़े भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए देश के खेलों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

