पायल गुप्ता (वीर सूर्या टाइम्स)
उत्तर-पूर्वी दिल्ली।
मोटे अनाजों के उपभोग एवं उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वजीराबाद पुस्ता रोड स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 103 आरएएफ बटालियन परिसर में मिलेट्स मेले का भव्य आयोजन किया गया। मेले का मुख्य उद्देश्य बाजरा, ज्वार, मक्का, रागी जैसे पोषणयुक्त मोटे अनाजों को “सुपर फूड” के रूप में जन-जन तक पहुँचाना तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ आरएएफ 103 बटालियन के कमांडेंट बॉबी चंदम सिंह एवं श्रीमती आकोइजाम शलिया देवी (आरसीडब्ल्यूए प्रमुख) द्वारा फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर मेले में उपस्थित मुख्य अतिथियों का पटका पहनाकर भव्य स्वागत किया गया।
मेले के माध्यम से सीआरपीएफ जवानों एवं आम नागरिकों को मोटे अनाजों के स्वास्थ्य लाभों से परिचित कराया गया और इन्हें दैनिक आहार में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।

“स्वस्थ जवान – सशक्त बल – मजबूत राष्ट्र” के संदेश के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में ईट राइट इंडिया, फिट इंडिया एवं आत्मनिर्भर भारत अभियानों को भी समर्थन दिया गया।
इस अवसर पर बटालियन कमांडेंट बॉबी चंदम सिंह ने कहा कि यह मेला केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि स्वस्थ भारत अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य सुरक्षा बलों के साथ-साथ समाज में भी स्वस्थ खान-पान और संतुलित जीवनशैली की संस्कृति को बढ़ावा देना है, साथ ही मिलेट्स की उपयोगिता को आमजन तक पहुँचाना है।

आरएएफ 103 बटालियन की ओर से आयोजित इस मेले में बुद्धिजीवी वर्ग, जवानों और बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा मोटे अनाजों के महत्व पर अपने विचार साझा किए। मेले में दी गई जागरूकता भरी जानकारियाँ सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहीं।
इस अवसर पर श्री अनिल कुमार (द्वितीय कमान अधिकारी), श्री संजीव कुमार (द्वितीय कमान अधिकारी), सुनीता शर्मा (उप कमांडेंट )श्रीमती शोभा रावत (उप कमांडेंट), श्री रणजीत सिंह (उप कमांडेंट), श्री प्रहलाद सहाय चौधरी (सहायक कमांडेंट), श्री मनफूल मेहरिया (सहायक कमांडेंट), श्री राजपाल (सहायक कमांडेंट) सहित 103 आरएएफ के परिवारजनों के अलावा हजारों की संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएँ एवं सामाजिक लोग भी उपस्थित रहे।

