मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स )
मथुरा। मांट तहसील, जिला मथुरा में भारतीय किसान यूनियन की एक बड़ी पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत की अगुवाई तहसील अध्यक्ष चौधरी योगेंद्र सिंह ने की। इस दौरान किसानों ने सरकार की कथित किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर विरोध दर्ज कराया।
पंचायत को संबोधित करते हुए वरिष्ठ किसान नेता चौधरी अमर सिंह ने कहा कि वर्तमान नीतियां किसानों के हितों के विपरीत हैं और इससे किसान वर्ग लगातार संकट में जा रहा है। वहीं राष्ट्रीय प्रचार मंत्री चौधरी करुआ सिंह ने भारत–अमेरिका ट्रेड डील का विरोध करते हुए सरकार को चेतावनी दी कि यदि किसानों के हितों के खिलाफ कोई भी निर्णय लिया गया तो देश का किसान एक बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होगा।
इसके बाद रोहतास चौधरी, राजवीर नेताजी, मनजीत सिंह नंदा, प्रेमपाल सिंह गावर सहित अन्य नेताओं ने भी पंचायत को संबोधित करते हुए किसानों की समस्याओं पर अपने विचार रखे।
पंचायत के उपरांत क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर चार सूत्रीय ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा गया। इस अवसर पर नौहझील ब्लॉक अध्यक्ष चौधरी प्रेम सिंह, वरिष्ठ तहसील उपाध्यक्ष चौधरी अमर सिंह, चौधरी गोवर्धन सिंह, चौधरी कुशल पाल सिंह, चौधरी मनीष लाठर, कैप्टन छीतरिया सिंह, महानगर अध्यक्ष सलीम खान, महेश शर्मा सहित सैकड़ों किसान कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पंचायत में एक स्वर में सरकार से किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की गई और चेताया गया कि अनदेखी की स्थिति में आंदोलन तेज किया जाएगा।

