नई दिल्ली। मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स)। सूर्यवंशी फाउंडेशन पिछले कई वर्षों से शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में निरंतर कार्य करते हुए भारत सरकार एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का प्रयास कर रहा है। संस्था समाज को व्यापार, स्वरोज़गार और सरकारी योजनाओं के लाभ से जोड़ने के लिए सक्रिय भूमिका निभा रही है।
प्रत्येक वर्ष 23 सितंबर को मनाया जाने वाला सूर्यवंशी दिवस समाज में समानता, सम्मान और एकता का प्रतीक है। सूर्यवंशी समाज के लोग इस पर्व को पूरे देश में परिवार और समाज के साथ उत्साहपूर्वक मनाते हैं। “सूर्यवंशी दिवस हर साल परिवार और समाज के साथ मनाएं” का संदेश समाज में एकजुटता को और मजबूत करता है।
देश की राजधानी दिल्ली में सूर्यवंशी समाज की बड़ी आबादी निवास करती है, लेकिन लंबे समय तक समाज का अपना कोई स्थायी भवन नहीं था। ऐसे में सूर्यवंशी भवन का निर्माण केवल एक इमारत नहीं, बल्कि समाज की पहचान, संगठन और विकास का सशक्त आधार बनने जा रहा है। यह भवन सांस्कृतिक, सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियों का केंद्र होगा।
सूर्यवंशी भवन में युवाओं के लिए शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, कौशल विकास, रोज़गार मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे नई पीढ़ी को सही दिशा मिलेगी और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही यह भवन समाज की बैठकों, सम्मेलनों, महिला सशक्तिकरण कार्यक्रमों, वरिष्ठ नागरिक संवाद और समाज सुधार से जुड़े आयोजनों का प्रमुख मंच बनेगा।
कालीचरण नेताजी, पूर्व अध्यक्ष, सूर्यवंशी फाउंडेशन ने बताया कि दिल्ली में लगभग सभी समाजों के अपने भवन हैं, लेकिन अब तक सूर्यवंशी समाज का कोई भवन नहीं था। समाज के सहयोग से दिल्ली के स्वरूप नगर क्षेत्र में भूमि क्रय कर ली गई है और अब सूर्यवंशी भवन निर्माण की मुहिम निरंतर जारी है।
वहीं प्रमुख समाजसेवी छत्रपाल सूर्यवंशी ने इसे समाज के लिए अत्यंत सराहनीय पहल बताया और कहा कि यह भवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। उन्होंने समाज के सभी लोगों से बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की।
प्रमुख समाजसेवी ओमप्रकाश पिंडोरा ने कहा कि सूर्यवंशी समाज शिक्षा, उद्योग, व्यापार और सरकारी सेवाओं सहित अनेक क्षेत्रों में आगे बढ़ चुका है। अब समय आ गया है कि कुछ कार्यों के लिए सरकार पर निर्भर रहने के बजाय समाज स्वयं पहल करे। उन्होंने समाज के लोगों से व्यापार की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया, ताकि बेरोज़गार युवाओं को नई दिशा मिल सके।
समाज के वरिष्ठजनों और युवाओं का मानना है कि सूर्यवंशी भवन का निर्माण समाज को नई दिशा देगा, संगठन को मजबूती प्रदान करेगा और सामाजिक, शैक्षणिक एवं सेवा कार्यों को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगा। अब समय आ गया है कि सूर्यवंशी समाज एकजुट होकर सूर्यवंशी भवन निर्माण को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाए।

