दिल्ली विश्वविद्यालय में ‘सशक्त’: खेलों से निखरा छात्राओं का आत्मबल

मनीष सूर्यवंशी ( वीर सूर्या टाइम्स) नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के ग्रामीण अंचल कैर (नजफगढ़) स्थित भगीनी निवेदिता कॉलेज में आयोजित वार्षिक क्रीड़ा उत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह “सशक्त” 2025–26 पूरे उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि छात्राओं के आत्मबल, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के सशक्त प्रदर्शन का मंच बनकर उभरा।
महाविद्यालय के क्रीड़ा मैदान में आयोजित इस समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि वीरेंद्र सचदेवा द्वारा मशाल प्रज्वलन के साथ हुआ। अपने प्रेरणादायक संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक दक्षता के साथ-साथ अनुशासन, संस्कार और सांस्कृतिक चेतना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने छात्राओं को परंपरा से जुड़ते हुए उत्कृष्टता की ओर अग्रसर होने का संदेश दिया।


समारोह में विशिष्ट अतिथि श्री सुनील श्योरण, श्री देवेंद्र डबास एवं श्री कुलबीर सिंह गहलोत की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई। इसी अवसर पर शारीरिक शिक्षा एवं खेल विज्ञान विभाग की वार्षिक पत्रिका का विमोचन भी किया गया, जो विभाग की सतत प्रगति का प्रतीक रहा।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. रूबी मिश्रा ने छात्राओं की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि खेल जीवन में आत्मविश्वास, नेतृत्व और स्वस्थ जीवनशैली का आधार हैं। उन्होंने छात्राओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत 100, 200, 400 व 800 मीटर दौड़, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो, 4×200 मीटर रिले तथा शतरंज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। टीम गेम्स में कबड्डी, रस्साकशी और वॉलीबॉल ने मैदान में रोमांच भर दिया। शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों के लिए आयोजित खेल प्रतियोगिताएं भी विशेष आकर्षण रहीं।


“सशक्त” की विशेष पहचान भारतीय पारंपरिक खेलों की प्रस्तुति रही। गिल्ली-डंडा, गिट्टे, पिट्ठू फोड़ और कंचों जैसे लोक खेलों के साथ मल्लखंभ, योग एवं एरोबिक्स प्रदर्शन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और संस्कृति से जुड़ाव का संदेश दिया।
इस वर्ष “सशक्त” 2025–26 की बेस्ट एथलीट का खिताब मिस मन्नू शौकीन को प्रदान किया गया। विजेताओं को मेडल, प्रमाण-पत्र, नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
आयोजन की सफलता में शारीरिक शिक्षा एवं खेल विज्ञान विभाग की क्रीड़ा परिषद्—मिस टीना (अध्यक्ष), मिस सूफिया (उपाध्यक्ष) एवं मिस तनु (सचिव) सहित सभी छात्र समन्वयकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विभाग प्रभारी प्रो. ममता सहारावत एवं डॉ. प्रतिमा डागर ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
समारोह ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि जब खेल शिक्षा और संस्कृति से जुड़ते हैं, तो वे केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि भविष्य के नेतृत्व और सशक्त नागरिकों का निर्माण करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *