तृतीय श्री श्याम फूल बंगला महोत्सव एवं भव्य निशान यात्रा संपन्न*

मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स )
दिल्ली श्री श्याम बिहारी मित्र मंडल द्वारा आयोजित तृतीय श्री श्याम फूल बंगला महोत्सव 28 फरवरी 2026 को फाल्गुन शुक्ल द्वादशी के पावन अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ।
यह दिव्य आयोजन Jawahar Farm House, सुखबीर नगर, रोहिणी सेक्टर-22, कंझावला रोड में आयोजित किया गया, जिसमें दिल्ली-एनसीआर सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 3:15 बजे मंगलाचरण एवं विधिवत पूजन के साथ हुआ। सायंकाल ज्योति प्रज्वलन के उपरांत भजन संध्या प्रारंभ हुई। फूलों से सुसज्जित दिव्य “श्याम फूल बंगला” की अलौकिक सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही। पूरे पंडाल में “हारे के सहारे की जय” के गगनभेदी जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
भजन संध्या में सुप्रसिद्ध भजन गायकों रुद्र जटाधारी जॉनी शर्मा, राघव पसरीजा, अनामिका शर्मा एवं संदीप राजपूत ने श्याम नाम की अमृत वर्षा कर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। देर रात्रि तक चली भजन संध्या के दौरान प्रस्तुत महाकाल अघोरी एवं बाहुबली झांकियों ने कार्यक्रम में विशेष आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया। प्रातःकाल महाआरती के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।
इससे पूर्व 26 फरवरी 2026 को मंडल द्वारा भव्य निशान यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्याम भक्तों ने हाथों में पावन निशान लेकर भक्ति गीतों और जयकारों के साथ नगर भ्रमण किया। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया, जिससे संपूर्ण क्षेत्र श्याममय हो उठा।
मंडल के प्रमुख सदस्यों शैलेंद्र अग्रवाल, अनिल वर्मा, टिंकू कुमार, कार्तिक शर्मा, पुष्पा तक्षक, संतोष, विष्णा शर्मा एवं किरण अग्रवाल ने बताया कि यह भव्य आयोजन सभी भक्तों के सहयोग, सेवा भावना और श्याम कृपा से सफलतापूर्वक संपन्न हो सका। अंत में विशाल प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *