शाहदरा पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर वाहन चोर, 4 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद

मनीष सूर्यवंशी ( वीर सूर्य टाइम्स )
नई दिल्ली। शाहदरा जिले की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) ने वाहन चोरी और स्नैचिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर वाहन चोर एवं स्नैचर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चार चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि इस गिरफ्तारी से वाहन चोरी और स्नैचिंग के कुल सात मामलों का खुलासा हुआ है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 26 वर्षीय मोहम्मद जुनैद निवासी मिंटो रोड, नई दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार 3 जून को गुप्त सूचना के आधार पर सीमापुरी स्थित होंडा चौक के पास उसे दबोचा गया। उसके पास से बरामद बजाज पल्सर मोटरसाइकिल चोरी की निकली, जो मधु विहार थाने में दर्ज ई-एफआईआर से संबंधित थी।

पूछताछ में आरोपी ने कई वाहन चोरी और स्नैचिंग की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर तीन अन्य चोरी के दोपहिया वाहन भी बरामद किए गए। जांच में पता चला कि ये वाहन फर्श बाजार, सीमापुरी और शकरपुर थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए थे।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अपने साथी लोकेश उर्फ हड्डी के साथ मिलकर चोरी की मोटरसाइकिलों का उपयोग स्नैचिंग और लूटपाट की घटनाओं में करता था। आरोपी ने खुलासा किया कि उसका साथी चोरी के सामान को ठिकाने लगाने का काम करता था। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी लोकेश की तलाश में जुटी हुई है।

बरामद वाहनों में बजाज पल्सर, यामाहा एफजेड, टीवीएस जुपिटर और होंडा एक्टिवा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार मोहम्मद जुनैद पहले भी वाहन चोरी, स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट समेत 24 आपराधिक मामलों में संलिप्त रह चुका है।

शाहदरा पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से दिल्ली के शाहदरा, पूर्वी, पश्चिमी और नई दिल्ली जिलों में दर्ज सात मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा हुआ है तथा आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *