एडिशनल डीसीपी संदीप लांबा ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह, विजेताओं को किया सम्मानित

मनीष सूर्यवंशी | वीर सूर्या टाइम्स नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के करावल नगर में भगता भारत संस्था एवं दिल्ली पुलिस के संयुक्त सहयोग से आयोजित संडे रेस प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 110 से अधिक बच्चों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। आयोजन में ओपन कैटेगरी से लेकर अंडर-10 आयु वर्ग तक के प्रतिभागियों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिला।
प्रतियोगिता के अंतर्गत 100 मीटर, 200 मीटर एवं 400 मीटर दौड़ आयोजित की गई। सुबह से ही प्रतियोगिता स्थल पर खिलाड़ियों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों का उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धा में भाग लिया और अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना, उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना तथा नशे एवं अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर-पूर्वी जिला दिल्ली पुलिस के एडिशनल डीसीपी संदीप लांबा रहे। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया और सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने का सशक्त साधन हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे नशे, अपराध और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर अपने भविष्य का निर्माण कर सकें।
एडिशनल डीसीपी संदीप लांबा ने भगता भारत संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था पिछले कई वर्षों से बच्चों और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले ऐसे आयोजनों का हमेशा समर्थन करती रहेगी।
इस अवसर पर भगता भारत संस्था के संस्थापक विवेक भूषण एवं संस्था के अध्यक्ष अशोक कपूर भी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि संस्था पिछले 14 वर्षों से बच्चों एवं युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रही है। संस्था का लक्ष्य खेल, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के माध्यम से युवाओं को नई दिशा देना और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाना है।
संस्था की नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली टीम प्रत्येक माह करावल नगर, उस्मानपुर, वेलकम और शास्त्री पार्क क्षेत्रों में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करती है। संस्था से जुड़े कई खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं तक पहुंच चुके हैं, जबकि अनेक युवा आज विभिन्न विद्यालयों में कोच के रूप में सेवाएं दे रहे हैं और कई युवा देश के विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।
नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली युवा टीम का नेतृत्व फैजान एवं नदिया कर रहे हैं। संस्था विशेष रूप से उन बच्चों और युवाओं के साथ कार्य करती है जो नशे की लत, गलत संगति अथवा अन्य सामाजिक चुनौतियों से प्रभावित हैं। संस्था का संकल्प खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों के माध्यम से ऐसे युवाओं को बेहतर दिशा और उज्ज्वल भविष्य प्रदान करना है।
स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक वातावरण के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *