मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स)
नई दिल्ली , शाहदरा जिले की साइबर थाना पुलिस ने फर्जी विवाह सेवाओं के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक बड़े साइबर फ्रॉड रैकेट का पर्दाफाश करते हुए इसके मास्टरमाइंड प्रदीप सिंह उर्फ प्रदीप साहू को मध्य प्रदेश के ग्वालियर से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ग्वालियर, गुना, अयोध्या और आजमगढ़ में फर्जी कॉल सेंटरों का नेटवर्क संचालित कर रहा था। यह गिरोह सोशल मीडिया पर विवाह संबंधी सेवाओं के विज्ञापन देकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। अब तक गिरोह से जुड़ी आठ धोखाधड़ी वाली ट्रांजैक्शन सामने आ चुकी हैं।
मामला तब सामने आया जब पूर्वी आजाद नगर निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी कि फेसबुक पर विवाह संबंधी विज्ञापन देखने के बाद उसने संपर्क किया। आरोपियों ने शादी कराने का झांसा देकर उससे क्यूआर कोड के माध्यम से करीब 81 हजार रुपये ठग लिए। बाद में पीड़ित को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला।
जांच के दौरान पुलिस ने ठगी की रकम एक बैंक खाते तक ट्रेस की, जिसके आधार पर ग्वालियर में संचालित कॉल सेंटर का पता चला। पूछताछ में खुलासा हुआ कि “रिश्ते गाइड सर्विसेज” नाम से चल रहे इस फर्जी कारोबार का संचालन प्रदीप साहू कर रहा था। तकनीकी निगरानी और छापेमारी के बाद पुलिस ने उसे ग्वालियर से दबोच लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले करीब पांच वर्षों से इस तरह के कॉल सेंटर चला रहा था और लगभग 14 फर्जी कॉल सेंटर स्थापित कर चुका था। कर्मचारियों को शादी कराने का झांसा देकर रजिस्ट्रेशन फीस, प्रोफाइल एक्टिवेशन चार्ज और अन्य फर्जी शुल्क वसूलने के लिए प्रशिक्षित किया जाता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है तथा अन्य आरोपियों, पीड़ितों और आर्थिक लाभार्थियों की पहचान की जा रही है।

