अंकित गर्ग ( वीर सूर्या टाइम्स )
मथुरा के गांव मानागढ़ी के खेतों में एक विशाल अजगर के निकलने से हड़कंप मच गया। अजगर ने नीलगाय के बच्चे को निगल लिया। यह दृश्य देखकर गांव में अफ़रा-तफ़री का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए।
ग्रामीण हरिओम सिंह रविवार सुबह अपने खेत में बैलगाड़ी लेकर पशुओं के लिए चारा काटने गए थे। तभी उनकी नजर अजगर पर पड़ी, जो नीलगाय के बच्चे को निगल रहा था। उन्होंने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के किसान भी मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी और लोग अपने-अपने मोबाइल से वीडियो बनाने लगे।
इस बीच सामाजिक कार्यकर्ता सुभाष चौधरी ने घटना की जानकारी वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि ऐसे मामलों में तुरंत विभाग को सूचना दें और स्वयं से कोई कार्रवाई न करें।

