17 वर्षीय किशोर हत्याकांड में चौथा आरोपी गिरफ्तार, चाकू बरामद

मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स)
नई दिल्ली। थाना न्यू उस्मानपुर क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोर की हत्या के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। लगातार प्रयासों और गहन जांच के बाद न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस ने मामले में शामिल चौथे आरोपी विवेक ठाकुर (21 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि मृतक और सभी आरोपी एक ही समुदाय से संबंध रखते हैं। इससे पहले इस मामले में तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। चौथे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को मामले की कड़ियों को जोड़ने में महत्वपूर्ण मदद मिली है।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हत्या की साजिश और वारदात में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *