रोहतास नगर को मिलेगी विकास की नई रफ्तार, मंत्री और सांसद ने किया व्यापक निरीक्षण

मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स)
नई दिल्ली। रोहतास नगर विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से लंबित विकास कार्यों और जनसमस्याओं के समाधान के लिए दिल्ली सरकार के लोक निर्माण विभाग (PWD) एवं जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा तथा सांसद मनोज तिवारी ने क्षेत्र का विस्तृत दौरा किया। इस दौरान विधायक जितेन्द्र महाजन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
दौरा केशव चौक अंडरपास से शुरू होकर विश्वकर्मा सेतु, लाल बाग झुग्गी बस्ती, लोनी रोड, नत्थू कॉलोनी फ्लाईओवर अंडरपास और अशोक नगर अंडरपास तक चला। निरीक्षण के दौरान मंत्री और सांसद ने अधिकारियों के साथ “देवी बस” में यात्रा कर विभिन्न परियोजनाओं की स्थिति का जायजा लिया।
विश्वकर्मा सेतु के नीचे फैले अतिक्रमण और अव्यवस्था को देखकर मंत्री प्रवेश वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने छह माह के भीतर वहां पार्किंग, बैडमिंटन कोर्ट तथा अन्य जनसुविधाएं विकसित करने के आदेश भी दिए।


मंत्री ने बताया कि श्यामलाल कॉलेज और मानसरोवर पार्क फुटओवर ब्रिज पर लिफ्ट लगाने का कार्य अगले तीन महीनों में पूरा कर लिया जाएगा। वहीं लोनी रोड के चौड़ीकरण का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
नत्थू कॉलोनी फ्लाईओवर और अंडरपास का निरीक्षण करते हुए मंत्री ने अधिकारियों को तीन दिनों के भीतर विजिलेंस रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यक मरम्मत कार्य पूरा कर पुल को जल्द ही भारी वाहनों के लिए खोलने के आदेश भी दिए।
अशोक नगर अंडरपास परियोजना में वर्षों से हो रही देरी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए मंत्री ने सीवर एवं पानी की लाइन शिफ्टिंग के लिए एक सप्ताह के भीतर टेंडर जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दौरे के दौरान स्थानीय आरडब्ल्यूए, सामाजिक संगठनों, क्षेत्रवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंत्री एवं सांसद का फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों के साथ भव्य स्वागत किया।
विधायक जितेन्द्र महाजन ने कहा कि इस निरीक्षण से रोहतास नगर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और क्षेत्र के लोगों को जल्द ही बेहतर सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *