
मनीष सूर्यवंशी ( वीर सूर्या टाइम्स ) नई दिल्ली, 6 अक्टूबर। राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक अंबेडकर स्टेडियम में सोमवार को द्वितीय फ्रेंड्स कप गर्ल्स फुटबॉल टूर्नामेंट 2025 का भव्य शुभारंभ हुआ।
इस आयोजन का संचालन फ्रेंड्स यूनाइटेड फुटबॉल क्लब (FUFC) द्वारा किया जा रहा है, जिसमें दिल्ली-एनसीआर की विभिन्न एनजीओ और वंचित वर्ग की 16 बालिका टीमों ने भाग लिया है।
इस प्रतियोगिता का उद्देश्य बालिकाओं में खेल भावना, आत्मविश्वास और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। उद्घाटन समारोह में खेल प्रेम और सामाजिक संदेश का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत में दिल्ली सॉकर एसोसिएशन के वरिष्ठ पदाधिकारियों स्वर्गीय श्री भाटिया जी और स्वर्गीय श्री रईस जी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर दो मिनट का मौन रखकर फुटबॉल के विकास में उनके योगदान को याद किया गया।
मुख्य अतिथि श्री अमित कुमार शर्मा (IRS) — आयकर आयुक्त, दिल्ली नगर निगम (MCD) के पूर्व अतिरिक्त आयुक्त, शाहदरा नार्थ जोन के पूर्व डीसी एवं वर्तमान में CVO (NFL) — ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा, “फ्रेंड्स यूनाइटेड फुटबॉल क्लब द्वारा एनजीओ बालिकाओं के लिए आयोजित यह टूर्नामेंट एक सराहनीय पहल है। यह आयोजन खेल के माध्यम से समावेश और सशक्तिकरण का प्रतीक है।”
इस अवसर पर कई सामाजिक कार्यकर्ता, खेल प्रेमी और विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें लगन, अनुशासन व आत्मविश्वास के साथ खेल में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
यह प्रतियोगिता 9 अक्टूबर 2025 तक आयोजित की जाएगी। टूर्नामेंट के दौरान नॉकआउट मैचों के साथ एक विशेष ब्लाइंड फुटबॉल प्रदर्शन मैच भी खेला जाएगा, जो इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेगा।
इस अवसर पर फ्रेंड्स यूनाइटेड फुटबॉल क्लब से सुधीर कुमार शर्मा, अजय कुमार, राकेश जिंसी, बिजेंद्र कुमार, भारत भूषण नौटियाल, मनोज नेवा, सुनील दत्त, विक्रम सिंह नेगी, साक्षी चावला, प्रदीप अरोड़ा, लोकेश पांचाल, श्याम नाथ एवं राकेश सहगल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

