मनीष सूर्यवंशी ( वीर सूर्या टाइम्स) नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वजीराबाद-बृजपुर रोड स्थित हनुमान वाटिका में 27 सितंबर सुबह 10 बजे :को संत श्री दुर्बल नाथ महाराज जी की जयंती के शुभ अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर खटीक समाज के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। समाज के लोग पिछले करीब एक महीने से कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हुए हैं और आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
समाज के लोगों के अनुसार, कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ-साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना है। उनके स्वागत और सम्मान को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
आयोजकों का कहना है कि संत श्री दुर्बल नाथ महाराज जी की जयंती समाज के लिए आस्था और प्रेरणा का महत्वपूर्ण अवसर है। इसी को ध्यान में रखते हुए समाज के प्रमुख लोगों के साथ-साथ सभी वर्गों के लोगों को कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है।
कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे समाज के कुछ लोगों ने राजनीतिक प्रतिनिधित्व का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि अन्य समाजों की तरह खटीक समाज को भी राजनीतिक क्षेत्र में उचित भागीदारी मिलनी चाहिए। उनके अनुसार उत्तर-पूर्वी दिल्ली और पूर्वी दिल्ली क्षेत्र में वर्तमान में समाज का कोई पार्षद या विधायक नहीं है।
समाज के लोगों का कहना है कि मुख्यमंत्री के समक्ष वे अपनी बात रखेंगे और समाज की अपेक्षाओं एवं समस्याओं से उन्हें अवगत कराएंगे। कार्यक्रम की तैयारियों में फकीरचंद तोमर, अनिल कुमार सरवलिया, प्रताप मोघा , प्रदीप कुमार बडगूजर , अनिल कुमार कटारिया , सहित समाज के अनेक लोग सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। समारोह को सफल बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

