
मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स )
नई दिल्ली। स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने और जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा परियोजना से प्रभावित किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (सर छोटू राम) ने आज सूरजपुर कलेक्ट्रेट, गौतम बुद्ध नगर में जोरदार धरना दिया।
धरने की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट भूपेंद्र चौधरी ने की, जबकि संगठन की ओर से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी गौतम बुद्ध नगर के माध्यम से सौंपा गया।
धरने में बड़ी संख्या में किसान और स्थानीय युवा शामिल हुए। इस मौके पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद चौधरी, राष्ट्रीय महासचिव अजय प्रमुख, राष्ट्रीय प्रवक्ता कुँवर अयूब अली, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष सोनवीर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष सतवीर नेता, पश्चिम प्रदेश अध्यक्ष ललित भाटी, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष अनीता चौधरी, गाजियाबाद जिला अध्यक्ष रणवीर प्रधान, देवव्रत चौधरी, एडवोकेट पुष्पेंद्र तोमर, प्रदीप तालान, मीनू, श्रीमती हरनंदी, श्रीमती राजेश और श्रीमती वीरवती सहित सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।
ज्ञापन में संगठन ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट परियोजना के तहत अधिग्रहित भूमि किसानों की आजीविका का मुख्य साधन रही है, और भूमि अधिग्रहण के बाद अब किसान परिवारों को बेरोजगारी और आर्थिक असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों और युवाओं की प्रमुख मांगे: गौतम बुद्ध नगर, गाजियाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़ और मथुरा जनपदों के उद्योगों में स्थानीय युवाओं को 60% रोजगार कोटा दिया जाए।
युवाओं को उनकी शैक्षिक योग्यता के अनुरूप रोजगार प्रदान किया जाए।
आबादी बैक लीज मामलों का शीघ्र निस्तारण किया जाए।
पुश्तैनी व गैर पुश्तैनी जैसे भेदभावपूर्ण नियम तत्काल निरस्त कर, अधिग्रहित भूमि वाले सभी किसानों को आवासीय भूखंड दिया जाए।
किसानों को आवंटित भूखंडों का कब्जा जल्द से जल्द दिलाया जाए।
जेवर एयरपोर्ट के आसपास नए गांवों का विस्थापन बंद किया जाए।
कृषि भूमि के सर्किल रेट पिछले 10 वर्षों से नहीं बढ़े हैं, उन्हें तुरंत बढ़ाया जाए।
1 जनवरी 2014 के बाद अधिग्रहित भूमि वाले किसानों को भूमि अधिग्रहण अधिनियम 2013 का लाभ दिया जाए।
एक्सप्रेसवे के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वालों को टोल-फ्री सुविधा दी जाए।
यमुना एक्सप्रेसवे पर जीरो पॉइंट से आगरा तक सर्विस रोड का निर्माण शीघ्र पूरा किया जाए, और तब तक टोल वसूली रोकी जाए।
60 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिकों को बिना भेदभाव पेंशन दी जाए।
प्रधानमंत्री के जेवर एयरपोर्ट उद्घाटन के दौरान किसान यूनियन को अपनी मांगें रखने का अवसर दिया जाए।
चेतावनी दी गई कि यदि मांगे नहीं मानी गईं तो संगठन के सभी जिले मिलकर प्रधानमंत्री का घेराव करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
धरना शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। यूनियन नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन किसानों और स्थानीय युवाओं के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई है, जो तब तक जारी रहेगा जब तक सरकार ठोस कदम नहीं उठाती।

