
अंकित गर्ग (वीर सूर्या टाइम्स )
नई दिल्ली। कला निकेतन
इंटरनेशनल स्कूल का वार्षिक सांस्कृतिक समारोह “गूंज 2025” बड़े उत्साह और भव्यता के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय सड़क एवं परिवहन राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा और पद्मश्री से सम्मानित जितेंद्र सिंह शंटी ने दीप प्रज्वलित कर किया।
शिवयोग युक्तानंद जी महाराज द्वारा किए गए मंगलाचरण ने समारोह के वातावरण को आस्था और ऊर्जा से भर दिया।
समारोह के दौरान वर्षभर विभिन्न शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को मुख्य अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के संस्थापक चेयरमैन इंजीनियर ओ.पी. राय एवं निदेशक श्रीमती शिमला राय ने की। करीब 450 विद्यार्थियों ने विविध प्रस्तुतियों में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में विद्यालय की वार्षिक पत्रिका “गूंज” का विमोचन भी अतिथियों ने किया। इस वर्ष की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में बचपन की मासूमियत, युवावस्था की उमंग, बुजुर्गों की संवेदनाएँ और जीवन के विभिन्न रंगों को मंच पर खूबसूरती से प्रस्तुत किया गया। उत्तराखंड, बिहार, गुजरात, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और दक्षिण भारत की लोक संस्कृतियों पर आधारित नृत्य प्रस्तुतियाँ विशेष आकर्षण रहीं। पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों को भी प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।
मंचन के दौरान राम मंच, शंभू वंदना और ऑपरेशन सिंदूर जैसी प्रमुख प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इन प्रस्तुतियों की ऊर्जा, संदेश और अभिव्यक्ति ने सभागार में मौजूद अभिभावकों और अतिथियों से खूब सराहना प्राप्त की।
समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। अभिभावकों ने बच्चों की प्रतिभा को निखारने और मूल्य आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए विद्यालय प्रबंधन के प्रयासों की प्रशंसा की।

