कांग्रेस ने ‘रेखा का धोखा’ अभियान के तहत भाजपा को घेरा, महिलाओं को ₹2500 न देने का आरोप

रविंद्र कुमार (वीर सूर्या टाइम्स )
नई दिल्ली, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने 24 अकबर रोड स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में भाजपा पर महिलाओं से किए वादों को पूरा न करने का बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने चुनाव में किए गए एक भी वादे को पूरा नहीं किया है, खासकर महिलाओं को हर महीने ₹2500 देने की घोषणा को।

कांग्रेस ने इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाने के लिए ‘रेखा का धोखा’ अभियान शुरू किया है। प्रेस वार्ता के दौरान रेखा गुप्ता की तस्वीर के साथ ₹2500 का डमी चेक प्रदर्शित किया गया, जिसे कांग्रेस कार्यकर्ता सभी विधानसभा क्षेत्रों में घर-घर बांटकर महिलाओं को भाजपा के वादों की याद दिलाएंगे।

संवाददाता सम्मेलन में दिल्ली प्रभारी काजी निजामुद्दीन, पूर्व विधायक दानिश अबरार, सुखविंदर सिंह डैनी, कम्युनिकेशन विभाग के चेयरमैन अनिल भारद्वाज, महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव नीतू वर्मा, और दिल्ली महिला कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पा सिंह उपस्थित थीं।

प्रदेश अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा कि महिलाओं को ₹2500 देने के वादे को 9 महीने गुजर चुके हैं और न कोई कमेटी बनी, न कोई नोटिफिकेशन जारी हुआ। उन्होंने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी की मार झेल रही दिल्ली की महिलाओं को यह मदद तुरंत मिलनी चाहिए थी।

देवेन्द्र यादव ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर आरोप लगाया कि वे स्वयं महिला होते हुए भी महिलाओं की समस्याओं को समझने में असफल रही हैं और चुनावी वादे केवल वोट लेने के लिए किए गए।

यादव ने आम आदमी पार्टी पर भी हमला करते हुए कहा कि 12 वर्ष के शासन में AAP ने भी महिलाओं से किए वादों को पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के ₹2500 की तरह AAP ने भी ₹2100 का वादा किया था, लेकिन वह भी सिर्फ चुनावी जुमला साबित हुआ।

कांग्रेस ने सभी 12 वार्डों में विशेष अभियान की शुरुआत की है। ₹2500 के ‘डमी चेक’ और ‘‘500 रुपये में सिलेंडर’’ वाले पम्पलेट अलग-अलग विधानसभा प्रभारियों को सौंपे गए।
शालीमार बाग में यह सामग्री सतेन्द्र शर्मा, चांदनी महल में जगजीवन शर्मा, अशोक विहार में प्रवीण भुगरा, ग्रेटर कैलाश में नीतू वर्मा, द्वारका में राजेश यादव, संगम विहार में चन्द्रकांत गिरी, नारायणा में चरणजीत सिंह, मुंडका में कुंवर गोपाल, और विनोद नगर में सिंथिया कुमार को वितरित की गई।

दिल्ली प्रभारी काजी निजामुद्दीन ने कहा कि भाजपा हो या AAP, दोनों ने जनता से वादे किए, लेकिन पूरा एक भी नहीं किया। दिल्ली की महिलाएं आज भी ₹2500 और पंजाब की महिलाएं ₹1000 की राशि की प्रतीक्षा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता तक भाजपा का “सच्चा चेहरा” पहुंचाने के लिए पूरी तरह तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *